वीरता में छत्तीसगढ़ पुलिस ने रचा गौरवशाली रिकॉर्ड, 141 वीरता पदक मिले; DIG एमएल कोटवानी को राष्ट्रपति पुलिस पदक

रायपुर : स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर केंद्रीय गृह मंत्रालय ने पुलिस, अग्निशमन, नागरिक सुरक्षा और सुधार सेवाओं के लिए पदकों का ऐलान किया है। इस बार छत्तीसगढ़ पुलिस ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी मजबूत मौजूदगी दर्ज कराई है। राज्य के पुलिस अधिकारियों और जवानों को कुल 141 वीरता पदक मिले हैं, जो देश में सबसे अधिक बताए गए हैं। छत्तीसगढ़ पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी डीआईजी एमएल कोटवानी को विशिष्ट सेवाओं के लिए राष्ट्रपति का पुलिस पदक प्रदान किया गया है। उन्हें यह सम्मान लंबे समय तक उत्कृष्ट, समर्पित और निष्ठापूर्वक सेवाएं देने के लिए दिया गया है।
छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित और संवेदनशील इलाकों में अभियानों के दौरान असाधारण साहस और नेतृत्व का प्रदर्शन करने वाले पुलिस अधिकारियों को पुलिस वीरता पदक से सम्मानित किया गया है। वीरता पदक पाने वाले प्रमुख अधिकारियों में आईपीएस पी. सुंदरराज, डीआईजी इंदिरा कल्याण एलेसेला, स्मृति राजनाला, संदीप पटेल और रॉबिंसन गुड़िया शामिल हैं। इन अधिकारियों ने नक्सल विरोधी अभियानों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। विशेष रूप से बस्तर क्षेत्र में सुरक्षा बलों के अभियानों के दौरान इनके नेतृत्व और रणनीतिक भूमिका को सम्मान मिला है।
इसके अलावा छत्तीसगढ़ के 10 पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को सराहनीय सेवाओं के लिए पुलिस पदक से सम्मानित किया गया है। इनमें ओपी शर्मा, अर्चना झा, दीपमाला कश्यप और गायत्री सिंह समेत अन्य अधिकारी शामिल हैं।
141 वीरता पदक — छत्तीसगढ़ पुलिस के अधिकारियों और जवानों को
राष्ट्रपति पुलिस पदक — DIG एमएल कोटवानी
वीरता पदक — IPS पी. सुंदरराज, DIG इंदिरा कल्याण एलेसेला, स्मृति राजनाला, संदीप पटेल और रॉबिंसन गुड़िया
सराहनीय सेवा पदक — ओपी शर्मा, अर्चना झा, दीपमाला कश्यप, गायत्री सिंह समेत 10 अधिकारी