तेज बहाव के बीच सेल्फी का जुनून, गेट पर ताला होने के बाद भी अंदर पहुंचे लोग; पुलिस आते ही मचा हड़कंप
Khuntaghat dam - 10

खूंटाघाट डेम : किसी पर्यटन स्थल पर घूमना और खूबसूरत पलों को कैमरे में कैद करना अच्छी बात है, लेकिन फोटो और रील के चक्कर में खुद को हीरो समझकर जान जोखिम में डालने वालों को अब सावधान रहने की जरूरत है। ऐसे ‘हीरोगिरी’ करने वाले युवाओं पर पुलिस की नजर है। रविवार को इसकी एक झलक खूंटाघाट डेम में देखने को मिली।
बारिश के मौसम में खूंटाघाट डेम और वेस्टवियर में पानी का बहाव बेहद तेज है। सुरक्षा के लिहाज से खतरनाक हिस्से में लोगों की आवाजाही रोकने के लिए गेट पर ताला लगाया गया था। इसके बावजूद कुछ लोग गेट लांघकर तेज बहाव के बेहद करीब पहुंच गए और वहां सेल्फी व वीडियो बनाने लगे।
हद तो तब हो गई, जब कुछ लोग अपने परिवार, बच्चों और महिलाओं के साथ भी इस खतरनाक जगह पर पहुंच गए। जान का जोखिम समझने के बजाय मोबाइल कैमरे के सामने ‘हीरो’ बनने का जुनून भारी पड़ता नजर आया।
मामले की जानकारी मिलते ही रतनपुर पुलिस मौके पर पहुंची और गेट पार कर अंदर पहुंचे लोगों को बाहर निकाला। पुलिस ने उन्हें जमकर फटकार लगाई और समझाया कि रील या सेल्फी के लिए अपनी जिंदगी को खतरे में डालना किसी भी सूरत में समझदारी नहीं है। लापरवाही करने वालों को मौके पर ही उठक-बैठक भी कराई गई।
पुलिस ने साफ चेतावनी दी है कि बारिश के मौसम में नदी-नालों, डेम और वेस्टवियर के तेज बहाव वाले क्षेत्रों से दूरी बनाए रखें। सुरक्षा के लिए लगाए गए बैरिकेड और गेट को पार न करें।
पर्यटन का आनंद लें, लेकिन रोमांच के नाम पर जिंदगी से खिलवाड़ न करें। क्योंकि एक गलत कदम खूबसूरत तस्वीर को जिंदगी की आखिरी तस्वीर में बदल सकता है।