शराब दुकान में गोलीकांड का खुलासा, बिहार से पकड़ा गया आरोपी; CCTV फुटेज ने खोला राज

1330618-whatsapp-image-2026-08-22-at-10842-pm

रायगढ़। पूंजीपथरा थाना क्षेत्र के गेरवानी स्थित शासकीय देशी कम्पोजिट मदिरा दुकान में सुरक्षा गार्ड पर पिस्टल से फायरिंग कर फरार हुए आरोपी को पुलिस ने बिहार के जमुई जिले से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल पिस्टल भी बरामद की गई है।

घटना 17 अगस्त की रात करीब 10:30 बजे की है। शराब दुकान में तैनात सुरक्षा गार्ड चन्द्रशेखर पटेल से दो युवकों का विवाद हुआ था। इसी दौरान एक युवक ने जान से मारने की धमकी देते हुए पिस्टल से फायर कर दिया। गोली गार्ड के पेट में लगी। घायल गार्ड ने डायल 112 को सूचना दी।

मामला दर्ज होने के बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी सुरागों के आधार पर आरोपी की पहचान विवेक कुमार यादव (19), निवासी जमुई, बिहार के रूप में की। आरोपी गेरवानी स्थित एक स्टील प्लांट में मजदूरी करता था और घटना के बाद बिहार भाग गया था।

उपनिरीक्षक दिलीप बेहरा के नेतृत्व में पुलिस टीम बिहार पहुंची। स्थानीय पुलिस की मदद से आरोपी की तलाश की गई। पुलिस को देखकर आरोपी खेत में जाकर छिप गया, लेकिन करीब दो घंटे के सर्च ऑपरेशन के बाद उसे पकड़ लिया गया।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि शराब दुकान पर गार्ड की डांट से नाराज होकर उसने पिस्टल से फायर किया था। पुलिस ने उसके पास से पिस्टल बरामद कर ली है। घटना में शामिल उसका साथी रोशन ठाकुर अभी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने आरोपी की गिरफ्तारी और हथियार बरामद करने वाली पुलिस टीम की सराहना की।

रीसेंट पोस्ट्स