CTET अभ्यर्थियों के लिए बड़ी खबर: सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद परीक्षा स्थगित, दोबारा खुला आवेदन पोर्टल

suprem

नई दिल्ली। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने केंद्रीय शिक्षक पात्रता परीक्षा (CTET) के 22वें संस्करण को फिलहाल स्थगित कर दिया है। यह फैसला सुप्रीम कोर्ट के हालिया निर्देश के मद्देनजर लिया गया है। कोर्ट ने शिक्षकों को शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET) की अनिवार्य कानूनी योग्यता हासिल करने के लिए पर्याप्त और उचित अवसर देने पर जोर दिया था। इसी के तहत उन अभ्यर्थियों को भी आवेदन का एक और मौका दिया गया है, जो पहले निर्धारित अवधि में किसी कारण से फॉर्म नहीं भर सके थे।

बोर्ड की अधिसूचना के मुताबिक CTET 2026 के लिए आवेदन प्रक्रिया 25 अगस्त से 1 सितंबर 2026 तक दोबारा खोली गई है। ऐसे उम्मीदवार, जो 11 मई से 10 जून 2026 के बीच हुई पिछली आवेदन प्रक्रिया में पंजीकरण नहीं करा पाए थे, अब CTET के आधिकारिक पोर्टल पर जाकर अपना आवेदन जमा कर सकते हैं।

वहीं, जिन अभ्यर्थियों ने पहले ही सफलतापूर्वक अपना पंजीकरण पूरा कर लिया है, उन्हें दोबारा आवेदन करने की जरूरत नहीं है।

CTET की परीक्षा स्थगित होने के कारण अब इसकी नई तारीख बाद में घोषित की जाएगी। बोर्ड के अनुसार, 1 सितंबर 2026 को आवेदन विंडो बंद होने के बाद परीक्षा की संशोधित तिथि और एडमिट कार्ड जारी करने से संबंधित कार्यक्रम अलग से जारी किया जाएगा।

अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे परीक्षा से जुड़ी ताजा जानकारी, संशोधित कार्यक्रम और अन्य दिशा-निर्देशों के लिए CTET की आधिकारिक वेबसाइट पर नियमित रूप से नजर बनाए रखें।