रक्षाबंधन पर शराब पार्टी को लेकर बवाल, वायरल पोस्टर के बाद बजरंग दल ने दी कार्रवाई की चेतावनी

IMG-20260827-WA0004-1

रायपुर। रक्षाबंधन जैसे पवित्र त्योहार पर शराब पार्टी के आयोजन को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। राजधानी रायपुर स्थित द बियर कैफे में शुक्रवार, 28 अगस्त को भाई-बहनों के लिए नाइट पार्टी आयोजित किए जाने का दावा किया जा रहा है। आयोजन से जुड़ा पोस्टर और मैसेज सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसके बाद विरोध के स्वर उठने लगे हैं।

सोशल मीडिया पर वायरल पोस्टर के मुताबिक, इस पार्टी की बुकिंग Find YourVibe.in के जरिए की जा रही है। रक्षाबंधन के मौके पर शराब के साथ जश्न मनाने के इस कथित आयोजन को लेकर छत्तीसगढ़ बजरंग दल ने आपत्ति जताई है। संगठन ने कहा है कि इस तरह की पार्टी को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और आयोजन होने की स्थिति में आयोजक तथा क्लब प्रबंधन को जिम्मेदार माना जाएगा।

वायरल पोस्टर के अनुसार, 28 अगस्त की शाम द बियर कैफे में नाइट पार्टी रखी गई है। इसमें भाई-बहनों के लिए फ्री बुकिंग के जरिए एंट्री का दावा किया गया है। पोस्टर में शाम 7 से 8 बजे तक वन प्लस वन शराब के पैग का ऑफर और इसके बाद कराओके का भी जिक्र है। पोस्टर में रक्षाबंधन को शराब के साथ सेलिब्रेट करने की बात कही गई है।

आयोजन की जानकारी सामने आने के बाद छत्तीसगढ़ बजरंग दल ने इसका विरोध किया है। संगठन का कहना है कि भाई-बहन के पवित्र रिश्ते को समर्पित रक्षाबंधन पर्व को शराब पार्टी के जरिए मनाना उचित नहीं है। बजरंग दल ने चेतावनी दी है कि यदि रक्षाबंधन के दिन यह आयोजन किया गया तो संगठन अपने स्तर पर कार्रवाई करेगा और इसके लिए पार्टी आयोजक व क्लब प्रबंधन जिम्मेदार होंगे।

फिलहाल वायरल पोस्टर और आयोजन को लेकर विवाद बढ़ता जा रहा है। आयोजन की वास्तविक स्थिति और संबंधित पक्षों का आधिकारिक पक्ष सामने आना बाकी है।