छत्तीसगढ़ में स्वाइन फ्लू का बढ़ता खतरा, 24 घंटे में 10 नए मरीज मिले; एक्टिव केस 28 पहुंचे

रायपुर। छत्तीसगढ़ में स्वाइन फ्लू (H1N1) का संक्रमण लगातार बढ़ रहा है। पिछले 24 घंटे में प्रदेश में 10 नए संक्रमित मरीज सामने आए हैं। इसके साथ ही स्वाइन फ्लू के कुल मामलों की संख्या 105 से बढ़कर 115 हो गई है, जबकि एक्टिव मरीजों का आंकड़ा 18 से बढ़कर 28 पहुंच गया है। संक्रमण अब बालोदाबाजार-भाटापारा, मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी और उत्तर बस्तर कांकेर जैसे नए जिलों में भी फैल चुका है।
राजधानी रायपुर में 3 नए मरीज मिलने के बाद यहां कुल संक्रमितों की संख्या 51 से बढ़कर 54 हो गई है। वहीं, एक्टिव मरीजों की संख्या भी 6 से बढ़कर 9 हो गई है। स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से अपील की है कि बिना डॉक्टर की सलाह के दवाएं न लें और स्वाइन फ्लू के लक्षण नजर आने पर तत्काल जांच कराएं।
दुर्ग जिले में भी 3 नए मरीज मिले हैं। इसके बाद जिले में कुल संक्रमितों की संख्या 13 हो गई है। इनमें 4 मरीज स्वस्थ होकर डिस्चार्ज हो चुके हैं, जबकि 2 मरीज होम आइसोलेशन में हैं। वहीं 7 मरीज रायपुर के एम्स, एनएचएमएमआई और रामकृष्ण केयर अस्पताल के अलावा भिलाई के हाईटेक और बीएम शाह अस्पताल में भर्ती हैं।
बिलासपुर में स्वाइन फ्लू के कुल मामलों की संख्या बढ़कर 13 हो गई है। इनमें 3 मरीज स्वस्थ होकर डिस्चार्ज हो चुके हैं, जबकि 11 मरीजों का अपोलो अस्पताल में इलाज चल रहा है।
मरीजों की बढ़ती संख्या को देखते हुए सिम्स में 8 बेड का अलग आइसोलेशन वार्ड तैयार किया गया है। साथ ही वेंटिलेटर की व्यवस्था भी की गई है। मरीजों की निगरानी और इलाज के लिए डॉक्टरों की 24 घंटे ड्यूटी लगाई गई है।