CGPSC 2025 मेंस का रिजल्ट जारी, 608 अभ्यर्थी इंटरव्यू के लिए चयनित; 21 सितंबर से साक्षात्कार

रायपुर। छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) ने राज्य सेवा परीक्षा-2025 की मुख्य परीक्षा के परिणाम घोषित कर दिए हैं। मुख्य परीक्षा में सफल 608 अभ्यर्थियों का साक्षात्कार के लिए चयन किया गया है। आयोग के अनुसार, साक्षात्कार प्रक्रिया 21 सितंबर 2026 से शुरू होगी।
CGPSC की ओर से जारी प्रेस नोट के मुताबिक, राज्य शासन के अधीनस्थ विभिन्न विभागों की 20 सेवाओं के लिए कुल 265 पदों पर भर्ती के लिए राज्य सेवा परीक्षा-2025 आयोजित की गई थी। राज्य सेवा प्रारंभिक परीक्षा के परिणाम के आधार पर कुल 3,921 अभ्यर्थियों को मुख्य परीक्षा के लिए प्रावधिक रूप से चिन्हित किया गया था।
राज्य सेवा मुख्य परीक्षा-2025 की लिखित परीक्षा 6, 7, 8 और 9 जून 2026 को आयोजित हुई थी। मुख्य परीक्षा के परिणाम में वर्गवार और उपवर्गवार निर्धारित न्यूनतम अर्हकारी अंक प्राप्त करने वाले अभ्यर्थियों की उपलब्धता के आधार पर 608 उम्मीदवारों को साक्षात्कार के लिए प्रावधिक रूप से चयनित किया गया है।
आयोग ने साक्षात्कार के लिए चयनित सभी अभ्यर्थियों को विज्ञापित पदों की अग्रमान्यता (प्रेफरेंस) ऑनलाइन दर्ज करने के निर्देश दिए हैं। इसके लिए आयोग की आधिकारिक वेबसाइट www.psc.cg.gov.in पर लिंक उपलब्ध कराया जाएगा। ऑनलाइन अग्रमान्यता दर्ज करने की तारीख आयोग की ओर से अलग से जारी की जाएगी।
