राम मंदिर ट्रस्ट के पहले CEO का ऐलान, रिटायर्ड एयर मार्शल जितेंद्र मिश्रा को मिली जिम्मेदारी

IMG_6405

अयोध्या। रामनगरी अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की महत्वपूर्ण बैठक में राम मंदिर ट्रस्ट के पहले मुख्य कार्यपालक अधिकारी (CEO) के नाम पर मुहर लग गई है। ट्रस्ट ने सेवानिवृत्त एयर मार्शल जितेंद्र मिश्रा को इस अहम पद की जिम्मेदारी सौंपी है। इससे पहले चयन समिति ने सीईओ पद के लिए तीन नामों का पैनल ट्रस्ट के सामने रखा था, जिसके बाद जितेंद्र मिश्रा के नाम पर सहमति बनी।

एयर मार्शल जितेंद्र मिश्रा भारतीय वायुसेना में लंबे समय तक महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभाल चुके हैं। वह वायुसेना की पश्चिमी कमान के प्रमुख भी रह चुके हैं। सैन्य सेवा से सेवानिवृत्त होने के बाद अब उन्हें अयोध्या राम मंदिर ट्रस्ट के प्रशासनिक और संचालन संबंधी कार्यों की जिम्मेदारी दी गई है।

राम मंदिर के निर्माण के साथ-साथ मंदिर परिसर के संचालन, व्यवस्थाओं और भविष्य की योजनाओं को देखते हुए सीईओ का पद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। जितेंद्र मिश्रा की नियुक्ति के साथ ट्रस्ट को प्रशासनिक स्तर पर एक प्रमुख कार्यकारी अधिकारी मिल गया है, जो मंदिर से जुड़े विभिन्न प्रबंधन कार्यों के समन्वय में अहम भूमिका निभाएंगे।

एयर मार्शल जितेंद्र मिश्रा अयोध्या राम मंदिर ट्रस्ट के पहले सीईओ होंगे। उनकी नियुक्ति को ट्रस्ट के प्रशासनिक ढांचे को और मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

रीसेंट पोस्ट्स