छत्तीसगढ़ में NEET UG सेकंड राउंड काउंसिलिंग शुरू, 8 सितंबर आखिरी तारीख, सीट छोड़ने पर जब्त होगी सिक्योरिटी राशि

doctor-s_650_061115123542

रायपुर। छत्तीसगढ़ के शासकीय और निजी मेडिकल व डेंटल कॉलेजों में MBBS और BDS की सीटों पर प्रवेश के लिए NEET UG 2026 की सेकंड राउंड काउंसिलिंग शुरू हो गई है। पहले चरण के प्रवेश के बाद खाली रह गई सीटों को भरने के लिए संचालनालय चिकित्सा शिक्षा (DME) ने काउंसिलिंग का विस्तृत कार्यक्रम जारी कर दिया है। पात्र अभ्यर्थी 8 सितंबर 2026 तक ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन करा सकेंगे।

  • ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन: 8 सितंबर 2026 रात 11:59 बजे तक
  • च्वाइस फिलिंग और लॉकिंग: 9 सितंबर 2026 रात 11:59 बजे तक
  • सीट आवंटन: उपलब्ध रिक्त सीटों, अभ्यर्थियों की मेरिट और उनकी ओर से भरी गई कॉलेज-पाठ्यक्रम प्राथमिकताओं के आधार पर किया जाएगा।

पहले राउंड में सीट मिलने के बाद कॉलेज में दाखिला ले चुके अभ्यर्थियों को भी सेकंड राउंड में कॉलेज या ब्रांच अपग्रेड करने का अवसर दिया गया है। इसके लिए उन्हें काउंसिलिंग पोर्टल पर लॉगिन कर ऑनलाइन अपग्रेडेशन की सहमति देनी होगी। सहमति देने के बाद अभ्यर्थियों को नए सिरे से कॉलेज और पाठ्यक्रम की पसंद भरनी होगी। बिना ऑनलाइन सहमति और नई च्वाइस के अपग्रेडेशन नहीं किया जाएगा।

DME ने स्पष्ट किया है कि पहले चरण में भरी गई च्वाइस फिलिंग अब मान्य नहीं है। सेकंड राउंड में शामिल होने वाले सभी अभ्यर्थियों को नए सिरे से कॉलेज और पाठ्यक्रम की प्राथमिकताएं दर्ज करनी होंगी। यदि अभ्यर्थी नई च्वाइस फिलिंग नहीं करता है, तो उसे सीट आवंटन प्रक्रिया में शामिल नहीं किया जाएगा।

अभ्यर्थियों को दूसरे चरण में च्वाइस फिलिंग करते समय विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। यदि सेकंड राउंड में सीट आवंटित होने के बाद अभ्यर्थी प्रवेश नहीं लेता है या प्रवेश लेने के बाद सीट छोड़ देता है, तो उसकी पूरी Security Deposit जब्त कर ली जाएगी।

वहीं, जो अभ्यर्थी पहली बार निजी मेडिकल कॉलेजों को अपनी पसंद में शामिल करेंगे, उन्हें नियमों के अनुसार निर्धारित अतिरिक्त सुरक्षा राशि जमा करनी होगी।

काउंसिलिंग, च्वाइस फिलिंग और च्वाइस लॉकिंग की पूरी प्रक्रिया अभ्यर्थियों को निर्धारित समय सीमा के भीतर स्वयं पूरी करनी होगी।

रीसेंट पोस्ट्स