पेंडिंग ई-चालान को न करें नजरअंदाज, RC-परमिट से लेकर लाइसेंस तक अटक सकते हैं काम, 12 सितंबर को लोक अदालत में निपटाएं पुराना ई-चालान

रायपुर। छत्तीसगढ़ में वाहन चालकों के लिए ई-चालान से जुड़ी अहम खबर सामने आई है। अगर आपके वाहन का ई-चालान लंबे समय से पेंडिंग है, तो इसे नजरअंदाज करना भारी पड़ सकता है। लंबित चालानों का असर अब आरसी, फिटनेस, परमिट और ड्राइविंग लाइसेंस से जुड़े जरूरी कामों पर पड़ सकता है।
राजधानी रायपुर में पुराने और नए मामलों को मिलाकर सवा लाख से ज्यादा ई-चालान लंबित बताए जा रहे हैं। इनमें करीब 96,800 मामले अदालत में लंबित हैं। ऐसे वाहन चालकों के लिए आगामी लोक अदालत चालान निपटाने का अहम अवसर हो सकती है।
लंबित ई-चालानों के समाधान के लिए 12 सितंबर को लोक अदालत आयोजित की जाएगी। इस दौरान वाहन चालक अपने पेंडिंग चालानों का निपटारा करा सकेंगे। इसके लिए पंजीयन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है।
लोक अदालत के माध्यम से चालान का समाधान कराने के इच्छुक वाहन चालकों को निर्धारित समय सीमा के भीतर पंजीयन कराना होगा। जानकारी के मुताबिक, इसके लिए गुरुवार तक पंजीयन कराया जा सकता है।
लंबे समय तक ई-चालान लंबित रहने पर वाहन से जुड़े जरूरी दस्तावेजों और सेवाओं के काम प्रभावित हो सकते हैं। ऐसे में जिन वाहन चालकों के चालान अभी बाकी हैं, उनके लिए 12 सितंबर की लोक अदालत में मामला निपटाना बेहतर मौका हो सकता है।