अन्नप्राशन-गोदभराई के साथ मातृ-शिशु पोषण का संदेश, सेवा संकल्प अभियान में पतरापाली में आयोजन

रायपुर। सेवा संकल्प अभियान के तहत रायगढ़ जिले के खरसिया विकासखंड के ग्राम पतरापाली में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। पोषण माह के अंतर्गत हुए इस आयोजन में अन्नप्राशन और गोदभराई की रस्म के साथ ग्रामीणों को गर्भवती महिलाओं और बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य तथा एनीमिया से बचाव की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम के दौरान गर्भवती महिलाओं, शिशुवती माताओं और बच्चों का ’’वजन मापन’’ किया गया। बच्चों की वृद्धि और पोषण स्थिति की नियमित निगरानी क्यों जरूरी है, इसकी जानकारी परिवारजनों को दी गई। महिलाओं में एनीमिया की पहचान, उससे बचाव और संतुलित आहार के महत्व के बारे में भी जागरूक किया गया।
रुरुरु ’’गोदभराई में दिया पौष्टिक आहार का संदेश’’
गोदभराई की रस्म के दौरान गर्भवती महिला को गर्भावस्था में पौष्टिक एवं संतुलित आहार लेने, नियमित स्वास्थ्य जांच कराने और स्वास्थ्य विभाग तथा आंगनबाड़ी केंद्र की सेवाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया गया। वहीं अन्नप्राशन कार्यक्रम के माध्यम से बच्चों के उचित शारीरिक और मानसिक विकास के लिए स्तनपान के साथ उचित समय पर ’’पूरक आहार शुरू करने और पोषण की नियमित निगरानी’’ के महत्व को समझाया गया।
कार्यक्रम में परिवार की भूमिका पर भी विशेष जोर दिया गया। ग्रामीणों को बताया गया कि मां और बच्चे का बेहतर स्वास्थ्य केवल महिला की जिम्मेदारी नहीं है। ’’पति, सास और परिवार के अन्य सदस्यों की सहभागिता भी उतनी ही महत्वपूर्ण है।’’ परिवारजनों से गर्भवती एवं शिशुवती महिलाओं को पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने तथा बच्चों के स्वास्थ्य और पोषण पर नियमित ध्यान देने की अपील की गई।
पोषण माह और सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित इस कार्यक्रम ने ग्रामीण परिवारों को मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने के साथ पोषण को परिवार की साझा जिम्मेदारी के रूप में अपनाने का संदेश दिया।