Google Analytics —— Meta Pixel

रायपुर में दुर्ग के छात्र को 2 बदमाशों ने चाकू दिखाकर गाड़ी और मोबाइल लूटा

lut

रायपुर।  राजधानी रायपुर में बीच बाजार में दुर्ग के छात्र के साथ लूट का मामला सामने आया है। दो बदमाशों ने चाकू दिखाकर युवक की गाड़ी और मोबाइल लूट लिया। पीड़ित युवक ने गोलबाजार थाना पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। फिलहाल पुलिस ने अज्ञात लुटेरों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। सीसीटीवी फुटेज के माध्यम से पुलिस आरोपितो की पहचान करने में जुटी है। हालांकि अभी तक पुलिस के हाथ कोई सुराग नहीं लगा है।

लूट की यह घटना गोलबाजार थाना क्षेत्र के पास की है। बुधवार की रात पीड़ित युवक आजाद बंजारे आंबेडकर अस्पताल में भर्ती बड़े भाई धनंजय बंजारे से मिलकर अपनी बहन के घर बांसटाल जा रहा था। इस दौरान मल्टीलेवल पार्किंग के बगल वाली गली में दो अज्ञात बदमाशों ने उसे घेर लिया और जबरदस्ती उसकी गाड़ी में बैठाकर कटोरा तालाब चलने के लिए कहने लगे। युवक डर की वजह से उन्हें कटोरा तालाब तक ले गया। वहां पहुंचने के बाद बदमाशों ने युवक को श्याम नगर की ओर जाने वाले रास्ते में रुकवाकर चाकू दिखाकर उससे मोबाइल और गाड़ी लूट ली। इसके बाद पीड़ित ने पुलिस थाने में जाकर लूट की वारदात की शिकायत की। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और सीसीटीवी कैमरों की मदद से बदमाशों की शिनाख्त करने की कोशिश की जा रही है।