बस्तर में भारी बारिश से बिगड़े हालात: इंद्रावती-शबरी उफान पर, NH-63 बंद; स्कूल, ट्रेन और फ्लाइट सेवाएं प्रभावित

बस्तर। बस्तर संभाग में बुधवार रात से लगातार हो रही भारी बारिश ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया है। इंद्रावती और शबरी नदियों का जलस्तर तेजी से बढ़ने के साथ कई सड़कें, पुलिया और रपट जलमग्न हो गई हैं। लगातार बारिश को देखते हुए बस्तर जिले में 25 सितंबर को सभी शासकीय, निजी और अनुदान प्राप्त स्कूलों में अवकाश घोषित किया गया है।
बारिश और भूस्खलन का असर रेल और हवाई सेवाओं पर भी पड़ा है। रेलवे ट्रैक पर भूस्खलन के कारण किरंदुल-विशाखापट्टनम रूट की दो ट्रेनें रद्द कर दी गई हैं। वहीं, खराब मौसम के चलते जगदलपुर-हैदराबाद फ्लाइट भी रद्द रही।
लगातार बारिश के कारण इंद्रावती नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। नदी के किनारे और निचले इलाकों में प्रशासन की ओर से मुनादी कर लोगों को सतर्क किया जा रहा है। कलेक्टर आकाश छिकारा ने SDM, तहसीलदारों और होमगार्ड कमांडेंट को मौके पर मौजूद रहकर स्थिति की निगरानी करने के निर्देश दिए हैं।
जलमग्न होने की आशंका वाले रपटों और पुल-पुलियों पर बैरिकेडिंग कर दी गई है। निगरानी दल और कोटवारों की भी तैनाती की गई है। प्रशासन ने लोगों से उफनती नदियों, नालों और रपटों को पार नहीं करने की अपील की है।
भारी बारिश से जगदलपुर शहर के कई निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति पैदा हो गई है। गंगा मुंडा और श्यामा प्रसाद मुखर्जी वार्ड समेत कई क्षेत्रों में पानी भर गया है। श्यामा प्रसाद मुखर्जी वार्ड में नालियों का पानी घरों में घुसने की स्थिति बन गई है। धरमपुरा क्षेत्र की कई सड़कें भी पानी में डूब गई हैं।
जगदलपुर-बीजापुर नेशनल हाईवे-63 पर केशलूर के पास जलभराव के कारण आवागमन बंद हो गया है। केशलूर और मारेंगा के बीच बाहर नाला उफान पर है, जिससे सड़क पूरी तरह जलमग्न हो गई है। बड़े मोरठपाल-पंडरीपानी मार्ग पर भी पानी भरने से आवाजाही बाधित है।
इन्जरम की मुख्य पुलिया बंद होने से क्षेत्र के हजारों लोगों की आवाजाही प्रभावित हुई है। लगातार बारिश के कारण सुकमा और बीजापुर जिलों के कई गांवों में भी जलभराव की स्थिति बनी हुई है। कुछ इलाकों का संपर्क भी प्रभावित होने की जानकारी सामने आई है।
खराब मौसम और बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए बस्तर जिले में 25 सितंबर को सभी शासकीय, निजी और अनुदान प्राप्त स्कूलों में अवकाश घोषित किया गया है। इस दिन प्रस्तावित त्रैमासिक परीक्षा को लेकर अलग से निर्देश जारी किए जाएंगे। इससे पहले 24 सितंबर को भी जिले के स्कूल बंद रखे गए थे।
भारी बारिश के कारण किरंदुल-विशाखापट्टनम रेल मार्ग पर भी असर पड़ा है। रायगढ़ मंडल के MVG-CTS स्टेशनों के बीच रेलवे ट्रैक पर भूस्खलन के चलते 25 सितंबर को चलने वाली दो ट्रेनों को रद्द किया गया है।
- 58502/58501 किरंदुल-विशाखापट्टनम पैसेंजर
- 18516/18515 किरंदुल-विशाखापट्टनम एक्सप्रेस
बारिश और खराब मौसम के चलते हवाई सेवाएं भी प्रभावित हुई हैं। जगदलपुर से हैदराबाद जाने वाली फ्लाइट रद्द कर दी गई है। मौसम में सुधार के आधार पर उड़ान संचालन को लेकर आगे निर्णय लिया जाएगा।
सुकमा जिले के कोंटा में शबरी नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। शुक्रवार को नदी का जलस्तर 43.02 मीटर दर्ज किया गया, जो 42 मीटर के डेंजर लेवल से 1.02 मीटर ऊपर है। नदी का वार्निंग लेवल 40.50 मीटर है। जलस्तर बढ़ने के बाद प्रशासन ने क्षेत्र में हाई अलर्ट एडवाइजरी जारी की है।
प्रशासन ने लोगों से नदी, नालों और निचले इलाकों में जाने से बचने की अपील की है। जलभराव वाले क्षेत्रों में अनावश्यक आवाजाही नहीं करने और बच्चों व बुजुर्गों को ऐसे स्थानों से दूर रखने की सलाह दी गई है।