रतनपुर में आधी रात भीषण आग, तीन दुकानें जलकर खाक; लाखों का सामान राख

रतनपुर। बिलासपुर जिले की धार्मिक नगरी रतनपुर में बुधवार-गुरुवार की दरमियानी रात मेला भाटा सब्जी मंडी के पास अचानक आग लगने से तीन दुकानें इसकी चपेट में आ गईं। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया, जिससे दुकानों में रखा लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया।
जानकारी के मुताबिक, भेड़ीमुड़ा निवासी दुर्गा कश्यप मेला भाटा सब्जी मंडी के पास पान और डेली नीड्स की दुकान संचालित करते हैं। बुधवार रात रोजाना की तरह दुकान बंद कर वह घर चले गए थे। इसी दौरान रात करीब 11 से 12 बजे के बीच दुकान में अचानक आग लग गई। राहगीरों ने दुकान से आग की लपटें उठती देख रतनपुर पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दमकल विभाग को घटना की जानकारी दी। बताया जा रहा है कि रतनपुर का दमकल वाहन खराब होने के कारण बिलासपुर से दमकल वाहन बुलाना पड़ा। दमकल के पहुंचने तक आग ने दुकान में रखे पान सामग्री, डेली नीड्स के सामान और अन्य सामग्री को अपनी चपेट में ले लिया था।
आग तेजी से फैलने के कारण पीछे स्थित दो अन्य दुकानें भी इसकी चपेट में आ गईं। बिलासपुर से पहुंची दमकल टीम ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया और इसे आसपास की अन्य दुकानों तक फैलने से रोक दिया।
इस आगजनी में तीन दुकानदारों को लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान है। आग लगने के वास्तविक कारणों का फिलहाल पता नहीं चल सका है। रतनपुर पुलिस मामले की जांच कर रही है।