प्रेम संबंध में सास बनी रोड़ा तो बहू ने पिलाया कीटनाशक! फिर 3.50 लाख कैश और जेवर लेकर फरार

बिलासपुर : न्यायधानी के सिविल लाइन थाना क्षेत्र के गंगानगर इलाके में सास-बहू के रिश्ते को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। 57 वर्षीय महिला ने अपनी बहू पर जान से मारने की नीयत से कोल्ड ड्रिंक में कीटनाशक मिलाकर पिलाने का आरोप लगाया है। हालत बिगड़ने के बाद महिला को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां वह करीब सात दिनों तक वेंटिलेटर पर जिंदगी और मौत के बीच जूझती रही। इसी दौरान बहू पर घर से करीब 3.50 लाख रुपये नकद और सोने-चांदी के जेवर लेकर मायके चले जाने का भी आरोप है।
गंगानगर निवासी रूखमणी ठाकुर उर्फ भूखिन ठाकुर ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि 17 जुलाई को उनका उपवास था। सुबह घर के काम से लौटने के बाद उनकी बहू कविता ठाकुर ने उन्हें कोल्ड ड्रिंक पीने के लिए दी। इसे पीने के कुछ देर बाद उन्हें चक्कर आने लगे और उल्टियां शुरू हो गईं। हालत तेजी से बिगड़ने पर वह बेहोश होकर गिर पड़ीं।
परिजन उन्हें तत्काल मंगला चौक स्थित एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे। गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें सिम्स रेफर कर दिया, जहां उन्हें वेंटिलेटर पर रखा गया। महिला करीब एक सप्ताह तक उपचाराधीन रहीं।
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि उन्हें अपनी बहू के किसी अन्य युवक के साथ कथित प्रेम संबंध की जानकारी हो गई थी। उन्होंने बहू को युवक से फोन पर बातचीत करते हुए देख लिया था और इसकी जानकारी अपने पति राजकुमार को दी थी।
पीड़िता के मुताबिक, इसके बाद 10 जुलाई को परिवार ने बहू का मोबाइल फोन अपने पास रख लिया था। आरोप है कि मोबाइल लिए जाने से बहू नाराज हो गई और घर में विवाद करने लगी। महिला का दावा है कि इसी विवाद के बाद उसे रास्ते से हटाने की साजिश रची गई।
पीड़िता के अस्पताल में भर्ती होने के बाद बहू द्वारा अपने मायके पक्ष के लोगों को घर बुलाने का भी आरोप लगाया गया है। शिकायत के मुताबिक, घर से करीब 3 लाख 50 हजार रुपये नकद और सोने-चांदी के जेवर ले जाकर बहू मुंगेली जिले के टिंगीपुर चमारी चली गई।
होश में आने के बाद रूखमणी ठाकुर ने 2 अगस्त को सिम्स में डॉक्टरों की मौजूदगी में पुलिस को अपनी आपबीती बताई। इसके बाद 3 अक्टूबर को उन्होंने लिखित शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 118(1) के तहत मामला दर्ज किया है। हालांकि, पीड़ित परिवार ने पुलिस की कार्रवाई में देरी को लेकर सवाल उठाए हैं। परिजनों का कहना है कि घटना के बाद भी जांच में अपेक्षित तेजी नहीं दिखाई गई। अब उन्होंने वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों से शिकायत कर निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग करने की बात कही है।
