नौकरी की तलाश कर रहे युवाओं के लिए खुशखबरी, रायपुर में रोजगार मेले में मिलेंगी हजारों नौकरियां

रायपुर। नौकरी की तलाश कर रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है। राजधानी रायपुर में 7 और 8 अक्टूबर को दो दिवसीय राज्य स्तरीय रोजगार मेले का आयोजन किया जा रहा है। सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित इस मेले में करीब 10 हजार युवाओं को रोजगार मिलने की उम्मीद है। अब तक 62 कंपनियों और प्लेसमेंट एजेंसियों से 9,449 रिक्तियों की जानकारी प्राप्त हो चुकी है।
कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा एवं रोजगार विभाग की ओर से यह रोजगार मेला बूढ़ापारा स्थित सरदार बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम में आयोजित किया जाएगा। इसका उद्देश्य प्रदेश के शिक्षित और प्रशिक्षित युवाओं को उनकी योग्यता एवं कौशल के अनुरूप निजी क्षेत्र में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है।
रोजगार मेले का मुख्य कार्यक्रम 8 अक्टूबर को सुबह 10 बजे शुरू होगा। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय कार्यक्रम के मुख्य अतिथि होंगे, जबकि छत्तीसगढ़ विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे। उपमुख्यमंत्री अरुण साव और विजय शर्मा सहित प्रदेश सरकार के कई मंत्री, सांसद, विधायक और अन्य जनप्रतिनिधि कार्यक्रम में शामिल होंगे।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और कौशल विकास एवं रोजगार मंत्री गुरु खुशवंत साहेब चयनित युवाओं को ऑफर लेटर भी वितरित करेंगे।
रोजगार मेले के लिए अब तक 62 कंपनियों एवं प्लेसमेंट एजेंसियों ने 9,449 रिक्त पद उपलब्ध कराए हैं। अन्य कंपनियों से भी संपर्क किया जा रहा है, इसलिए रिक्तियों की संख्या बढ़ने की संभावना है। इस आयोजन में स्थानीय कंपनियों के साथ राष्ट्रीय स्तर की निजी कंपनियां भी शामिल होंगी।
मेले में 10वीं और 12वीं पास युवाओं के साथ आईटीआई, डिप्लोमा, इंजीनियरिंग, कृषि, सामान्य स्नातक, एमबीए और एमसीए सहित विभिन्न शैक्षणिक योग्यता रखने वाले अभ्यर्थियों के लिए अवसर उपलब्ध रहेंगे।
तकनीकी क्षेत्र में मशीन ऑपरेटर, असेंबली ऑपरेटर, फिटर, वेल्डर, इलेक्ट्रिशियन, इलेक्ट्रिक मीटर टेक्नीशियन, मेंटेनेंस इलेक्ट्रिशियन, मैकेनिकल इंजीनियर और क्वालिटी इंस्पेक्टर जैसे पद शामिल हैं।
इसके अलावा कंप्यूटर ऑपरेटर, कस्टमर केयर एग्जीक्यूटिव, टेलीकॉलर, रिलेशनशिप मैनेजर, सेल्स एग्जीक्यूटिव और सेल्स ऑफिसर के पदों पर भी भर्ती की जाएगी। बैंकिंग, फाइनेंस और एचआर क्षेत्र में भी अवसर उपलब्ध हैं।
स्वास्थ्य क्षेत्र में नर्सिंग स्टाफ और केयरटेकर, सुरक्षा सेवाओं में गार्ड और सुपरवाइजर तथा परिवहन एवं लॉजिस्टिक्स क्षेत्र में ड्राइवर, डिलीवरी कर्मी, बाइक राइडर और पिकर-पैकर जैसे पदों पर भी रिक्तियां हैं।
रोजगार मेले में क्वेस कॉर्प, रैंडस्टैड इंडिया, राजस्थान टेक्सटाइल मिल्स-सतलुज टेक्सटाइल्स, वर्धमान टेक्सटाइल्स, जेनस पावर इंफ्रास्ट्रक्चर और एयरटेल पेमेंट बैंक सहित कई कंपनियां हिस्सा लेंगी। इसके अलावा इंस्टाकार्ट, स्पंदना स्फूर्ति फाइनेंशियल, स्वतंत्र माइक्रोफिन, एनआईआईटी, आईसेक्ट, शांता टेक्नो, राजत इक्विपमेंट्स और फर्स्ट फ्लाई कॉरपोरेट जैसी संस्थाएं भी भर्ती प्रक्रिया में शामिल होंगी।
रोजगार मेले की आवेदन एवं चयन प्रक्रिया को आसान बनाने के लिए ई-रोजगार पोर्टल का उपयोग किया जा रहा है। इच्छुक युवा erojgar.cg.gov.in पर पंजीयन कर उपलब्ध रिक्तियों की जानकारी देख सकते हैं और अपनी योग्यता के अनुसार आवेदन कर सकते हैं।
पोर्टल के माध्यम से नियोक्ता भी अभ्यर्थियों की प्रोफाइल और आवेदन देख सकेंगे। इसके आधार पर उम्मीदवारों की शॉर्टलिस्टिंग और प्रारंभिक चयन प्रक्रिया भी की जा सकेगी।
रोजगार विभाग के आंकड़ों के अनुसार वित्त वर्ष 2024-25 में 311 प्लेसमेंट कैंप तथा रायपुर, दुर्ग और बिलासपुर में आयोजित रोजगार मेलों के माध्यम से 5,314 अभ्यर्थियों का चयन हुआ था। वहीं 2025-26 में 245 प्लेसमेंट कैंप और रायपुर, बलौदाबाजार तथा दुर्ग में आयोजित रोजगार मेलों के जरिए 4,149 युवाओं का चयन किया गया।
वित्त वर्ष 2026 में सितंबर तक राज्य में 224 प्लेसमेंट कैंप और रोजगार मेलों का आयोजन हो चुका है, जिनमें 8,878 अभ्यर्थियों का चयन किया गया है। सरकार का कहना है कि रायपुर में होने वाला राज्य स्तरीय रोजगार मेला युवाओं को निजी क्षेत्र से जोड़ने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।
