हथखोज औद्योगिक क्षेत्र में श्याम केमिकल फैक्ट्री धधकी, मची अफरा-तफरी, आसमान में छाया धुएं का गुबार

aag

भिलाई। छत्तीसगढ़ की इस्पात नगरी भिलाई के हथखोज औद्योगिक क्षेत्र स्थित श्याम केमिकल फैक्ट्री में गुरुवार को अचानक भीषण आग लग गई। आग लगते ही फैक्ट्री परिसर से धुएं का घना गुबार और ऊंची-ऊंची लपटें उठने लगीं, जिससे आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाने का अभियान शुरू किया। बताया जा रहा है कि यह घटना पुरानी भिलाई थाना क्षेत्र की है। फायर ब्रिगेड के कर्मचारी लगातार आग बुझाने में जुटे हुए हैं।

आग की तीव्रता इतनी अधिक थी कि फैक्ट्री परिसर से काफी ऊंचाई तक लपटें दिखाई दे रही थीं। धुएं का गुबार देखकर आसपास के लोगों में भी चिंता का माहौल बन गया। सूचना के बाद दमकल कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर आग को नियंत्रित करने की कोशिश शुरू की।

फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस और दमकल विभाग की टीम पूरे मामले की जांच कर रही है। आग से फैक्ट्री में कितना नुकसान हुआ है, इसकी भी अभी पुष्टि नहीं हुई है। आग पूरी तरह बुझने के बाद नुकसान का आकलन किया जाएगा।