BSP को बेचने की अटकलों पर इस्पात मंत्रालय का बड़ा अपडेट, कहा- भिलाई स्टील प्लांट बेचने की खबरें गलत

bsp

भिलाई : भिलाई स्टील प्लांट (BSP) को अडानी समूह को बेचे जाने की अटकलों के बीच इस्पात मंत्रालय ने स्थिति स्पष्ट की है। विपक्षी नेताओं की आशंकाओं और आरोपों के बीच मंत्रालय ने अपने आधिकारिक X हैंडल से भिलाई स्टील प्लांट को बेचे जाने संबंधी खबरों को गलत बताया है। मंत्रालय ने ट्वीट में कहा कि कुछ समाचार पत्रों में भिलाई स्टील प्लांट को बेचे जाने की आशंका जताई गई है, जबकि यह दावा गलत है। इसके साथ ही मंत्रालय ने दो अखबारों में प्रकाशित खबरों की कतरनें भी साझा की हैं।

इस मुद्दे पर विधायक रिकेश सेन ने अपने फेसबुक पेज के माध्यम से पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और विधायक देवेंद्र यादव को चुनौती दी। उन्होंने कहा कि दोनों नेता भिलाई में BSP को अडानी समूह द्वारा खरीदे जाने की अफवाह न फैलाएं। यदि प्लांट को बेचने की बात कही जा रही है, तो उसके समर्थन में प्रमाण प्रस्तुत किए जाएं।

रिकेश सेन ने कहा कि भारत सरकार भिलाई स्टील प्लांट के विकास के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने दोनों नेताओं से अपील की कि वे अपनी राजनीतिक लड़ाई में भिलाई को न घसीटें, क्योंकि भिलाई स्टील प्लांट ही शहर के मान-सम्मान का प्रतीक है।

विधायक ने यह भी कहा कि यदि भिलाई स्टील प्लांट का कभी निजीकरण किया गया, तो वह सबसे पहले इसके विरोध में धरने पर बैठेंगे। उन्होंने जनप्रतिनिधियों से अपील की कि किसी भी मुद्दे पर बयान देने से पहले तथ्यों और प्रमाणों की पुष्टि जरूर करें।

रीसेंट पोस्ट्स