रायपुर में नहाते समय 4 लड़कियों के चोरी-छिपे बनाए वीडियो, दो युवक गिरफ्तार; नाबालिग पर भी कार्रवाई

GIRAFTAR

रायपुर : राजधानी रायपुर के गोल बाजार थाना क्षेत्र में लड़कियों के निजी वीडियो चोरी-छिपे बनाने और उन्हें शेयर करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि एक नाबालिग ने नहाते समय चार लड़कियों के वीडियो रिकॉर्ड किए और उन्हें अपने दो दोस्तों को भेज दिया। शिकायत के बाद पुलिस ने दोनों युवकों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि नाबालिग के खिलाफ भी किशोर न्याय प्रक्रिया के तहत कार्रवाई की गई है।

पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, मामले का खुलासा तब हुआ, जब एक पीड़िता ने गोल बाजार थाने में शिकायत दर्ज कराई। पीड़िता ने आरोप लगाया कि एक नाबालिग लड़के ने नहाते समय उसका निजी वीडियो बनाया और उसे अपने दो दोस्तों कृष्णा लंगोटे और लक्की तंगील को भेज दिया।

पीड़िता को शक होने पर उसने लक्की तंगील का मोबाइल फोन चेक किया। इस दौरान उसके निजी वीडियो मिलने की बात सामने आई। मोबाइल की जांच में उसी मोहल्ले की तीन अन्य लड़कियों के भी नहाते समय चोरी-छिपे बनाए गए वीडियो मिलने की जानकारी सामने आई।

मामले की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान आरोपियों की पहचान शास्त्री मार्केट निवासी 19 वर्षीय कृष्णा लंगोटे और 21 वर्षीय लक्की तंगील के रूप में हुई। पुलिस ने दोनों युवकों को गिरफ्तार कर लिया। वहीं, मुख्य आरोपी नाबालिग के खिलाफ भी वैधानिक कार्रवाई की गई है।

पुलिस ने तीनों के मोबाइल फोन जब्त कर लिए हैं। मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 77 और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम (IT Act) की धारा 66E के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।

रीसेंट पोस्ट्स