रायपुर : छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में चोरी की एक बड़ी वारदात सामने आई है। हीरापुर इलाके में स्थित अमरनाथ इस्पात फैक्ट्री में घुसे अज्ञात बदमाशों ने ड्यूटी पर तैनात चौकीदार को बंधक बनाकर बेरहमी से पीटा। इसके बाद आरोपी फैक्ट्री से करीब 800 किलो कॉपर वायर चोरी कर फरार हो गए। चोरी किए गए वायर की कीमत लगभग 10 से 12 लाख रुपये बताई जा रही है। घटना कबीर नगर थाना क्षेत्र की है।मिली जानकारी के मुताबिक, गुरुवार रात करीब डेढ़ बजे अज्ञात चोर हीरापुर स्थित अमरनाथ इस्पात फैक्ट्री में दाखिल हुए। इस दौरान फैक्ट्री में ड्यूटी कर रहे चौकीदार को बदमाशों ने बंधक बना लिया। विरोध करने पर आरोपियों ने उसके साथ जमकर मारपीट की। इसके बाद फैक्ट्री के भीतर से करीब 800 किलो कॉपर वायर काटकर अपने साथ ले गए और मौके से फरार हो गए।
घटना की जानकारी मिलने के बाद कबीर नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। शुरुआती जांच में पता चला कि आरोपी फैक्ट्री में लगे सीसीटीवी कैमरों के साथ डीवीआर भी अपने साथ ले गए हैं। इससे घटना से जुड़े सुराग जुटाने में पुलिस को चुनौती का सामना करना पड़ सकता है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और अज्ञात आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है। चौकीदार के साथ मारपीट और लाखों रुपये के कॉपर वायर की चोरी की इस वारदात से इलाके में हड़कंप मचा हुआ है।