छत्तीसगढ़ में कर्मचारियों-पेंशनरों को दिवाली से पहले DA एरियर देने की मांग, 2% महंगाई भत्ते के लिए CM को पत्र

DA hike

रायपुर। छत्तीसगढ़ में शासकीय कर्मचारियों और पेंशनरों को दीपावली से पहले महंगाई भत्ते (DA) का लंबित 2 प्रतिशत एरियर सहित भुगतान करने की मांग तेज हो गई है। छत्तीसगढ़ कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन ने इस संबंध में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और वित्त मंत्री ओ. पी. चौधरी को पत्र लिखकर जल्द निर्णय लेने का आग्रह किया है।

फेडरेशन के प्रांतीय संयोजक एवं छत्तीसगढ़ राजपत्रित अधिकारी संघ के प्रदेश अध्यक्ष कमल वर्मा ने पत्र में कहा है कि भारतीय जनता पार्टी ने अपने चुनावी घोषणा पत्र में राज्य के शासकीय कर्मचारियों को केंद्र के समान महंगाई भत्ता एरियर सहित देने का वादा किया था। इसके बावजूद प्रदेश के कर्मचारियों को फिलहाल 58 प्रतिशत महंगाई भत्ता मिल रहा है, जो केंद्र सरकार की दर से 2 प्रतिशत कम है।

कमल वर्मा के अनुसार, लगातार बढ़ती महंगाई के कारण कर्मचारियों और पेंशनरों को परिवार की जरूरतें पूरी करने में आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में लंबित महंगाई भत्ते का भुगतान एरियर सहित किया जाना जरूरी है।

उन्होंने बताया कि 6 सितंबर को आयोजित फेडरेशन की प्रांतीय बैठक में सर्वसम्मति से दीपावली से पहले महंगाई भत्ते का एरियर जारी कराने के लिए शासन से पत्राचार करने का निर्णय लिया गया था। बैठक में यह भी तय किया गया था कि यदि शासन की ओर से जल्द सकारात्मक पहल नहीं की जाती है, तो फेडरेशन मंत्रालय का घेराव करने के लिए बाध्य होगा।

फेडरेशन ने राज्य सरकार से मांग की है कि कर्मचारियों एवं पेंशनरों के हितों को ध्यान में रखते हुए घोषणा पत्र के अनुरूप लंबित 2 प्रतिशत महंगाई भत्ता देय तिथि से एरियर सहित स्वीकृत किया जाए और दीपावली से पहले इसका भुगतान सुनिश्चित किया जाए।

रीसेंट पोस्ट्स