शादी से पहले पार्टनर से जरूर पूछ लें ये 6 सवाल, वरना बाद में रिश्ते में आ सकती है दरार

couple shadi

Shadi Special : शादी सिर्फ दो लोगों का रिश्ता नहीं, बल्कि दो परिवारों के जुड़ने का नाम भी है। शादी की तैयारियों, खरीदारी और रस्मों के बीच अक्सर कपल एक-दूसरे से जरूरी मुद्दों पर बात करना भूल जाते हैं। यही छोटी-छोटी अनकही बातें शादी के बाद गलतफहमियों और झगड़ों की वजह बन सकती हैं। इसलिए शादी से पहले एक-दूसरे की पसंद, सोच और उम्मीदों को समझना बेहद जरूरी है।

कई बार सगाई या डेटिंग के दौरान कपल केवल अच्छी और खुशनुमा बातें करना पसंद करते हैं। पैसों, परिवार, बच्चों और जिम्मेदारियों जैसे गंभीर विषयों पर चर्चा करने से बचते हैं। उन्हें लगता है कि शादी के बाद सब कुछ अपने आप ठीक हो जाएगा, लेकिन ऐसा जरूरी नहीं है। एक खुशहाल वैवाहिक जीवन के लिए प्यार के साथ आपसी समझ, भरोसा और स्पष्ट बातचीत भी जरूरी है।

एम्स दिल्ली की क्लिनिकल साइकोलॉजिस्ट डॉ. विधि पिलानिया के मुताबिक, शादी से पहले कुछ महत्वपूर्ण विषयों पर खुलकर चर्चा करना भविष्य में होने वाली परेशानियों को कम कर सकता है। आइए जानते हैं वे 6 सवाल, जिन पर हर कपल को शादी से पहले जरूर बात करनी चाहिए।

शादी से पहले यह तय करना जरूरी है कि शादी के बाद कपल कहां रहेगा। क्या दोनों माता-पिता के साथ एक ही घर में रहेंगे, अलग मकान लेंगे या एक ही बिल्डिंग में अलग-अलग फ्लोर पर रहेंगे? अगर परिवार के साथ रहने की योजना है तो कपल की निजी जिंदगी और व्यक्तिगत स्पेस की सीमाएं क्या होंगी? इन बातों पर पहले ही सहमति बना लेना बेहतर है, ताकि भविष्य में किसी को अपनी आजादी या निजता से समझौता न करना पड़े।

शादी के बाद आर्थिक और घरेलू जिम्मेदारियां किस तरह निभाई जाएंगी, इस पर भी स्पष्ट बातचीत होनी चाहिए। क्या दोनों नौकरी करेंगे? घर का खर्च कौन उठाएगा? खाना बनाने, सफाई करने और परिवार के बुजुर्गों की देखभाल की जिम्मेदारी किसकी होगी? क्या घरेलू काम दोनों मिलकर करेंगे? इन सवालों को यह सोचकर नहीं टालना चाहिए कि शादी के बाद सब देख लेंगे। जिम्मेदारियों का बराबर और आपसी सहमति से बंटवारा रिश्ते में तनाव कम कर सकता है।

शादी के बाद दो परिवार आपस में जुड़ते हैं, लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि पति-पत्नी के हर फैसले में परिवार का हस्तक्षेप जरूरी हो। पहले ही तय कर लें कि व्यक्तिगत फैसले कौन लेगा और किन मामलों में परिवार की सलाह ली जाएगी। क्या हर छोटी-बड़ी बहस की जानकारी माता-पिता को दी जाएगी? अगर परिवार का कोई सदस्य निजी जिंदगी में जरूरत से ज्यादा दखल देता है तो क्या दोनों मिलकर अपनी सीमाएं तय कर पाएंगे? रिश्ते में परिवार का सम्मान जरूरी है, लेकिन पति-पत्नी की निजी जिंदगी का सम्मान भी उतना ही महत्वपूर्ण है।

किसी भी रिश्ते में मतभेद होना सामान्य बात है। असली बात यह है कि दोनों पार्टनर विवाद के समय कैसा व्यवहार करते हैं। क्या गुस्से में चिल्लाना, बातचीत बंद कर देना या घर छोड़कर चले जाना उनकी आदत है? क्या वे छोटी-छोटी बातों पर तलाक की धमकी देते हैं या बैठकर समस्या का समाधान निकालने की कोशिश करते हैं? शादी से पहले एक-दूसरे के गुस्से और विवाद सुलझाने के तरीके को समझना जरूरी है। क्योंकि मजबूत रिश्ता केवल प्यार जताने से नहीं, बल्कि मुश्किल समय में एक-दूसरे को समझने से बनता है।

बच्चों की प्लानिंग शादी से पहले चर्चा करने वाले सबसे जरूरी विषयों में से एक है। दोनों पार्टनर बच्चे चाहते हैं या नहीं, अगर चाहते हैं तो कितने बच्चे और कब? अगर कोई एक पार्टनर फिलहाल बच्चा नहीं चाहता तो दूसरे की क्या राय होगी? इसके अलावा बच्चों की देखभाल, पढ़ाई और परवरिश की जिम्मेदारियां किस तरह बांटी जाएंगी? क्या दोनों अपनी नौकरी के साथ बच्चों को पर्याप्त समय दे पाएंगे? इन सवालों पर पहले ही विचार करना चाहिए, ताकि भविष्य में किसी एक पर सारी जिम्मेदारी न आ जाए।

यह एक संवेदनशील लेकिन बेहद जरूरी मुद्दा है। मान लीजिए शादी के बाद ससुराल या मायके का कोई सदस्य आपके साथ अपमानजनक व्यवहार करता है, तो आपका पार्टनर क्या करेगा? क्या वह आपको हर बार समझौता करने की सलाह देगा या आपकी बात सुनकर सही कदम उठाएगा? यहां यह समझना जरूरी है कि पार्टनर अपने परिवार के खिलाफ बेवजह खड़ा हो, ऐसा नहीं है। बल्कि जरूरत पड़ने पर गलत व्यवहार का विरोध करे और दोनों के सम्मान व रिश्ते की गरिमा बनाए रखने के लिए उचित सीमाएं तय कर सके।

शादीशुदा जिंदगी हमेशा आसान नहीं होती। इसमें कई बार मतभेद, जिम्मेदारियां और मुश्किल परिस्थितियां सामने आती हैं। ऐसे में प्यार के साथ धैर्य, सम्मान और एक-दूसरे की भावनाओं को समझना जरूरी है। शादी से पहले इन छह विषयों पर खुलकर बातचीत करने से भविष्य की कई गलतफहमियों और विवादों को रोका जा सकता है।

याद रखें, एक सफल शादी सिर्फ अच्छे संयोग से नहीं चलती, बल्कि इसमें दोनों पार्टनर की बराबर भागीदारी, आपसी भरोसा और समझदारी सबसे अहम भूमिका निभाते हैं।