ज्वेलरी कारोबारी से बड़ी लूट: बदमाशों ने रास्ता रोककर की मारपीट, 15 किलो चांदी, सोना और डेढ़ लाख रुपये लेकर फरार

जानकारी के मुताबिक, घटना 27 अक्टूबर की है। पांडातराई निवासी व्यवसायी वेदप्रकाश सोनी अपने साथी नरेंद्र पाटस्कर के साथ ग्राम दलदली के साप्ताहिक बाजार से मोटरसाइकिल पर वापस लौट रहे थे। इसी दौरान तरेगांव जंगल थाना क्षेत्र के ग्राम दुर्जनपुर के पास अज्ञात बाइक सवार बदमाशों ने उनका रास्ता रोक लिया।
आरोपियों ने दोनों के साथ मारपीट की और व्यापारी के पास मौजूद बैग छीनकर मौके से फरार हो गए। बैग में सोने-चांदी के पुराने और नए आभूषणों के साथ नकदी रखी हुई थी।
पीड़ित व्यवसायी के मुताबिक, लूटे गए बैग में करीब 15 किलोग्राम से अधिक चांदी, 10 से 15 ग्राम सोने के आभूषण और 1 लाख 50 हजार रुपये नकद रखे हुए थे। लूटे गए सामान की कुल कीमत का आकलन किया जा रहा है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए कबीरधाम एसपी जितेंद्र कुमार यादव ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए हैं। पुलिस अनुविभागीय अधिकारी अखिलेश कौशिक के नेतृत्व में साइबर थाना समेत तीन अन्य थानों की विशेष टीम गठित की गई है।
पुलिस की टीमें घटना से जुड़े सुराग जुटाने और आरोपियों की पहचान करने में लगी हैं। तरेगांव जंगल थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है। फिलहाल लूट के आरोपी फरार हैं और उनकी तलाश जारी है।
