छत्तीसगढ़ राज्योत्सव पर आज नवा रायपुर में एयर शो, सूर्य किरण और सारंग टीम दिखाएगी हवाई करतब; जानें रूट और पार्किंग व्यवस्था

air show

रायपुर : छत्तीसगढ़ राज्योत्सव के मौके पर सोमवार, 2 नवंबर को नवा रायपुर के सेंध तालाब में भारतीय वायुसेना की ओर से भव्य एयर शो का आयोजन किया जाएगा। सुबह 11 बजे से शुरू होने वाले इस कार्यक्रम में वायुसेना की प्रसिद्ध सूर्य किरण एयरोबैटिक टीम और सारंग हेलीकॉप्टर टीम आसमान में रोमांचक करतब दिखाएंगी।

एयर शो को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना है। इसे देखते हुए पुलिस प्रशासन ने यातायात और पार्किंग की विशेष व्यवस्था की है। रायपुर समेत अलग-अलग जिलों से आने वाले वाहनों के लिए अलग-अलग रूट निर्धारित किए गए हैं। पार्किंग स्थलों से कार्यक्रम स्थल तक दर्शकों को पहुंचाने के लिए 20 बसें और 55 ई-रिक्शा लगाए जाएंगे। कुछ पार्किंग स्थलों से लोगों को पैदल भी कार्यक्रम स्थल तक जाना होगा।

पुलिस अधीक्षक ग्रामीण रायपुर द्वारा जारी ट्रैफिक प्लान के अनुसार, रायपुर शहर, दुर्ग-भिलाई, धमतरी-अभनपुर, बिलासपुर-बलौदाबाजार और महासमुंद-आरंग की ओर से आने वाले वाहनों के लिए अलग-अलग मार्ग और पार्किंग स्थल निर्धारित किए गए हैं। इसके अलावा पासधारी वाहनों के लिए भी विशेष पार्किंग की व्यवस्था की गई है।

1. पासधारी वाहनों के लिए: पासधारी वाहन माना विमानतल तिराहा से स्टेडियम टर्निंग पहुंचेंगे और बाईं ओर मुड़कर सेक्टर-1 में रेलवे स्टेशन के पास निर्धारित पार्किंग स्थल पर वाहन खड़े करेंगे। यहां से कार्यक्रम स्थल तक बस, ई-रिक्शा और पैदल जाने की सुविधा मिलेगी।

2. रायपुर शहर से आने वाले वाहन: शहर से आने वाले वाहनों को माना विमानतल तिराहा से स्टेडियम टर्निंग पहुंचकर दाईं ओर मुड़ना होगा। इसके बाद चंदूलाल चंद्राकर चौक और कबीर चौक होते हुए सेक्टर-4 स्थित अविनाश उपवन की पार्किंग में वाहन खड़े करने होंगे। यहां से दर्शकों को पैदल कार्यक्रम स्थल तक पहुंचना होगा।

3. दुर्ग-भिलाई और पचपेड़ी नाका की ओर से: इस दिशा से आने वाले वाहन पचपेड़ी नाका चौक से कमल विहार चौक, सदानी दरबार, माना बस्ती अथवा केंद्रीय मार्ग होते हुए ऊपरवारा चौक पहुंचेंगे। इसके बाद दीनदयाल उपाध्याय चौक और कबीर चौक से होकर अविनाश उपवन की पार्किंग तक जा सकेंगे।

4. धमतरी-अभनपुर की ओर से: इस दिशा से आने वाले वाहन सेंट्रल माउंटफोर्ट स्कूल मार्ग से ऊपरवारा चौक, दीनदयाल उपाध्याय चौक और कबीर चौक होते हुए सेक्टर-4 स्थित अविनाश उपवन की पार्किंग में पहुंचेंगे।

5. बिलासपुर-बलौदाबाजार की ओर से: इस रूट से आने वाले वाहन मंदिर हसौद-नवागांव स्टेडियम मार्ग का उपयोग करेंगे। स्टेडियम के आसपास बनाए गए निर्धारित पार्किंग स्थलों पर वाहन खड़े किए जा सकेंगे।

6. महासमुंद-आरंग की ओर से: इस दिशा से आने वाले वाहनों को नवागांव स्टेडियम मार्ग से परसदा स्थित कोसा मैदान की पार्किंग तक पहुंचना होगा। यहां वाहन पार्क करने के बाद दर्शक पैदल कार्यक्रम स्थल तक जा सकेंगे।

पुलिस प्रशासन ने दर्शकों से अपील की है कि वे निर्धारित मार्गों का पालन करें और अपने वाहनों को केवल निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़ा करें, ताकि एयर शो के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे।

रीसेंट पोस्ट्स