छत्तीसगढ़ में सस्ती हुई विदेशी शराब! जॉनी वॉकर 18 ईयर समेत 33 प्रीमियम ब्रांडों के घटे दाम, जानिए नई कीमतें

आबकारी विभाग की पुरानी और नई दरों की तुलना करने पर कई महंगे विदेशी शराब ब्रांडों की कीमतों में उल्लेखनीय कमी सामने आई है। जॉनी वॉकर 18 ईयर के एक केस की कीमत में करीब 5,000 रुपये की कटौती हुई है। वहीं, सिंगलटन 12 ईयर का एक केस लगभग 2,817 रुपये सस्ता हो गया है।
राज्य के वाणिज्यिक कर विभाग ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के शेष महीनों के लिए पांच प्रमुख कंपनियों के 33 ब्रांडों की नई लैंडिंग कीमतों और छत्तीसगढ़ स्टेट बेवरेजेस कॉरपोरेशन की खरीद दरों को मंजूरी दी है। नई सूची में जॉनी वॉकर, चिवास रीगल, रॉयल सैल्यूट, ग्लेनलिवेट, ड्यूअर्स, बॉलेंटाइन और सिंगलटन जैसे लोकप्रिय प्रीमियम ब्रांड शामिल हैं।
भारत और ब्रिटेन के बीच हुआ मुक्त व्यापार समझौता 15 जुलाई 2026 से प्रभावी हो चुका है। इसके तहत ब्रिटेन से आयात होने वाली स्कॉच व्हिस्की पर आयात शुल्क 150 प्रतिशत से घटाकर 75 प्रतिशत कर दिया गया है। समझौते के मुताबिक, अगले 10 वर्षों में इस शुल्क को चरणबद्ध तरीके से घटाकर 40 प्रतिशत तक लाने की योजना है।
आयात शुल्क में कटौती से विदेशी स्कॉच व्हिस्की की आयात लागत कम हुई है। इसका लाभ कंपनियों को मिलना शुरू हो गया है और छत्तीसगढ़ में 33 प्रीमियम ब्रांडों की नई दरें भी स्वीकृत हो गई हैं। हालांकि, आम ग्राहकों को खुदरा बाजार में कितनी राहत मिलेगी, यह राज्य सरकार की मूल्य निर्धारण नीति, वितरण खर्च और अन्य शुल्कों पर निर्भर करेगा। यानी नई दरों में कमी के बावजूद ग्राहकों को पूरा फायदा मिलेगा या नहीं, यह देखना बाकी है।
