रायपुर में पनीर के नाम पर बड़ा खेल! 8 में से 7 नमूने जांच में फेल

रायपुर। राजधानी रायपुर में बाजार में बिक रहे पनीर की गुणवत्ता को लेकर चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। शुद्ध दूध से बने पनीर के नाम पर ग्राहकों को किस गुणवत्ता का उत्पाद बेचा जा रहा है, इसका खुलासा खाद्य प्रयोगशाला की जांच रिपोर्ट में हुआ है। शहर के अलग-अलग इलाकों की 8 दुकानों से लिए गए पनीर के नमूनों में से 7 निर्धारित गुणवत्ता मानकों पर खरे नहीं उतरे। जांच में छह नमूनों में मिल्क फैट की मात्रा बेहद कम मिली, जबकि चार नमूनों में नमी निर्धारित सीमा से अधिक पाई गई।
सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि डूमरतराई स्थित श्री मंगलम स्वीट्स के पनीर में महज 0.56 प्रतिशत मिल्क फैट दर्ज किया गया। वहीं, अमूल के पैक्ड पनीर के नमूने में भी 38 प्रतिशत फैट मिला, जो निर्धारित मानक से कम है। रिपोर्ट सामने आने के बाद शहर में पनीर की गुणवत्ता और खाद्य सुरक्षा को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
पनीर के लिए ड्राई वेट बेसिस पर मिल्क फैट की न्यूनतम सीमा 50 प्रतिशत निर्धारित है। हालांकि, जांच के दौरान छह प्रतिष्ठानों के नमूनों में फैट की मात्रा 5 प्रतिशत से भी कम मिली।
इनमें न्यू नेताजी होटल के पनीर में 4.89 प्रतिशत, इंदौर स्वीट्स में 1.53 प्रतिशत, श्री मंगलम स्वीट्स में 0.56 प्रतिशत, कृष्णा डेयरी एंड स्वीट्स में 0.59 प्रतिशत, बीकानेर मिठाईवाला में 1.20 प्रतिशत और गुलशन स्वीट्स के पनीर में 1.53 प्रतिशत मिल्क फैट पाया गया।
इन आंकड़ों से बाजार में पनीर की गुणवत्ता को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
जांच रिपोर्ट में सबसे कम मिल्क फैट डूमरतराई स्थित श्री मंगलम स्वीट्स के नमूने में मिला। यहां के पनीर में केवल 0.56 प्रतिशत फैट दर्ज किया गया। इसके अलावा कृष्णा डेयरी एंड स्वीट्स के नमूने में 0.59 प्रतिशत और बीकानेर मिठाईवाला के पनीर में 1.20 प्रतिशत फैट मिला।
पनीर में नमी की अधिकतम निर्धारित सीमा 60 प्रतिशत है। जांच में चार दुकानों के नमूनों में यह सीमा पार मिली।
-
श्री मंगलम स्वीट्स: 70.42 प्रतिशत
-
गुलशन स्वीट्स: 67.92 प्रतिशत
-
इंदौर स्वीट्स: 62.56 प्रतिशत
-
न्यू नेताजी होटल: 61.71 प्रतिशत
कम मिल्क फैट और अधिक नमी मिलने से पनीर की वास्तविक गुणवत्ता और उसमें मौजूद पोषक तत्वों को लेकर चिंता बढ़ गई है।
जांच में फाफाडीह चौक स्थित भवानी डेली नीड्स से खरीदे गए अमूल के पैक्ड पनीर के नमूने में 38 प्रतिशत मिल्क फैट पाया गया। यह निर्धारित 50 प्रतिशत के मानक से कम है। हालांकि, यह निष्कर्ष केवल जांचे गए नमूने पर आधारित है।
वहीं, मोतीबाग स्थित देवभोग स्टॉल से लिए गए पनीर का नमूना जांच में मानकों पर खरा उतरा। इसमें 53.59 प्रतिशत मिल्क फैट और 47.03 प्रतिशत नमी दर्ज की गई।
| प्रतिष्ठान | मिल्क फैट | नमी |
|---|---|---|
| न्यू नेताजी होटल, कटोरा तालाब | 4.89% | 61.71% |
| इंदौर स्वीट्स, शिवानंद नगर | 1.53% | 62.56% |
| श्री मंगलम स्वीट्स, डूमरतराई | 0.56% | 70.42% |
| कृष्णा डेयरी एंड स्वीट्स, पहाड़ी चौक | 0.59% | 53.06% |
| बीकानेर मिठाईवाला, मोवा | 1.20% | 50.14% |
| गुलशन स्वीट्स, मोवा | 1.53% | 67.92% |
| देवभोग स्टॉल, मोतीबाग | 53.59% | 47.03% |
| भवानी डेली नीड्स, फाफाडीह (अमूल) | 38.00% | 49.95% |
निर्धारित मानक: ड्राई वेट बेसिस पर मिल्क फैट न्यूनतम 50 प्रतिशत और नमी अधिकतम 60 प्रतिशत होनी चाहिए।
छत्तीसगढ़ में एनालॉग पनीर की बिक्री प्रतिबंधित है। ऐसे में रायपुर की दुकानों से लिए गए नमूनों की जांच रिपोर्ट ने खाद्य सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पनीर प्रोटीन और कैल्शियम का महत्वपूर्ण स्रोत माना जाता है। ऐसे में गुणवत्ता मानकों पर खरे नहीं उतरने वाले उत्पादों की बिक्री से उपभोक्ताओं को अपेक्षित पोषण नहीं मिल पाने की आशंका है।
अब इस रिपोर्ट के सामने आने के बाद खाद्य सुरक्षा विभाग की निगरानी और बाजार में बिकने वाले पनीर की गुणवत्ता सुनिश्चित करने की जरूरत बढ़ गई है।
