जमीन के लिए बेटे ने की पिता की हत्या, सत्र न्यायालय ने सुनाई उम्रकैद की सजा

बेमेतरा : छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिले में महज डेढ़ एकड़ जमीन के विवाद में बेटे ने अपने ही पिता की बेरहमी से हत्या कर दी थी। इस सनसनीखेज मामले में सत्र न्यायालय ने आरोपी बेटे को दोषी करार देते हुए आजीवन कारावास की सजा सुनाई है। अदालत ने दोषी पर 1 हजार रुपये का अर्थदंड भी लगाया है। जुर्माना नहीं भरने पर उसे 15 दिन का अतिरिक्त कारावास भुगतना होगा।
सत्र न्यायाधीश सरोजनंद दास ने 19 नवंबर को यह फैसला सुनाया। मामले में शासन की ओर से लोक अभियोजक शिवगोपाल श्रीवास ने पैरवी की।
अभियोजन के मुताबिक, घटना 2 जून 2025 की सुबह करीब 7:30 से 8 बजे के बीच बेमेतरा जिले के साजा थाना क्षेत्र के ग्राम जगन्नाथपुर में हुई थी। मृतक गुलाब जोशी अपने घर की परछी के सामने खड़े थे। इसी दौरान उनका बेटा मीनाराम जोशी वहां पहुंचा और खेती-किसानी के लिए डेढ़ एकड़ जमीन में हिस्सा मांगने लगा।
पिता ने जब जमीन देने से इनकार किया, तो दोनों के बीच विवाद बढ़ गया। गुस्से में आकर मीनाराम ने बांस के डंडे से पिता पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर चोटों के कारण गुलाब जोशी की मौत हो गई। इस घटना से पूरे परिवार में मातम छा गया।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। घटनास्थल का निरीक्षण कर पंचनामा तैयार किया गया और गवाहों के बयान दर्ज किए गए। पुलिस ने मौके से खून लगी मिट्टी और सादी मिट्टी समेत अन्य भौतिक साक्ष्य जुटाए।
3 जून 2025 को आरोपी मीनाराम जोशी को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। उसके कथन के आधार पर वारदात में इस्तेमाल बांस का डंडा, गमछा और घटना के समय पहने गए कपड़े जब्त किए गए। जांच पूरी होने के बाद पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) के तहत 17 अगस्त 2025 को न्यायालय में चालान पेश किया।
मामले की सुनवाई के दौरान अभियोजन पक्ष ने 12 गवाहों के बयान दर्ज कराए। इसके अलावा मेमोरेंडम, जब्ती पत्रक, मौका नक्शा, पंचनामा और एफएसएल रिपोर्ट जैसे महत्वपूर्ण दस्तावेजी साक्ष्य भी पेश किए गए।
सुनवाई के दौरान कुछ स्वतंत्र गवाह अपनी पूर्व की गवाही से मुकर गए, लेकिन अन्य साक्ष्यों और परिस्थितिजन्य तथ्यों के आधार पर अभियोजन पक्ष ने अपना मामला साबित किया। अदालत ने उपलब्ध साक्ष्यों को विश्वसनीय मानते हुए मीनाराम जोशी को पिता की हत्या का दोषी ठहराया और आजीवन कारावास की सजा सुनाई।
