Google Analytics —— Meta Pixel

नहर में कार गिरने से एक की मौत, 1 लापता

Untitled-1 copy

कटघोरा। रिश्तेदार को कटघोरा बस स्टैंड छोड़ कर लौटते समय गेरवाघाट बाइपास पर ब्रिज के आगे राताखार एप्रोच रोड पर संकेतक नहीं होने से कार सीधे नहर में गिर गई। कार में सुभाष ब्लाॅक के दो दोस्त सवार थे। नहर में 10 फीट के लेवल तक पानी था। इससे कार के अंदर फंसकर एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा लापता हो गया। उसकी खोजबीन की जा रही है। शहर के सुभाष ब्लाॅक निवासी मोहम्मद अब्दुल कादिर का मंझला बेटा इकबाल सिंगरौली (मध्यप्रदेश) में रहता है। वह छुट्‌टी में घर आया था।

बस कटघोरा बस स्टैंड से थी। इसके लिए उसका भाई 23 वर्षीय मोहम्मद आरिफ रात 11 बजे अपने दोस्त 19 वर्षीय मो. मजर ईमाम के साथ कार नंबर सीजी-12-एयू-6395 में उसे छोड़ने कटघोरा बस स्टैंड गए थे। इसके बाद वे सुबह तक घर नहीं लौटे।

परिजन ने जब उनके मोबाइल पर कॉल किया तो बंद मिला। इसकी सूचना पुलिस को दी। कटघोरा से लेकर शहर तक सीसीटीवी फुटेज खंगाले। मंगलवार दोपहर ढाई बजे गेरवाघाट बाइपास के एप्रोच रोड पर नहर के मुहाने पर चक्के का निशान दिखे। गोताखोरों की मदद से खोजबीन कराई। 20 मीटर दूर पानी के अंदर कार मिली। क्रेन के जरिए कार को नहर से बाहर निकाला। इसमें सामने के हिस्से में आरिफ का शव था। वहीं मजर लापता मिला।

चक्के का निशान देख टेप से मापा तो चला पता

लापता दोस्तों की खोजबीन में परिजन और उनके दोस्तों ने 3 टीम बनाई थी। एक टीम मार्ग में लगे सीसीटीवी फुटेज, दूसरी और तीसरी टीम कोरबा और कटघोरा की ओर संभावित ब्लैक स्पॉट पर खोजबीन कर रही थी। खोजबीन में शामिल अफरोज ने बताया कि गेरवाघाट ब्रिज से सीधे नहर होने पर उसके आसपास खोजबीन कर रहे थे।

इस दौरान नहर के मुहाने पर चक्के के निशान दिखे, जो ब्रिज से सीधे नहर की ओर गए थे। तब कार के चक्के का नाप पता कर टेप से मिलान किया। इसमें 54 इंच की दूरी दोनों चक्के के बीच मिलने पर कार के नहर में गिरने का पता चला। इसके बाद पुलिस को सूचना देकर गोताखोरों को नहर में उतारा। करीब आधे घंटे खोजबीन करने पर कार मिली।

12.58 बजे दर्री थाना से क्राॅस हुई थी कार 

सिटी कोतवाली टीआई दुर्गेश शर्मा के मुताबिक गेरवाघाट ब्रिज के पास नहर में रात को कार गिरने की घटना हुई। कार में सुभाष ब्लाॅक निवासी 2 युवक सवार बताए गए, जिसमें से एक का शव कार में ही फंसा हुआ मिला। दूसरा नहीं मिला। उसके नहर में बहकर लापता होने की आशंका से खोजबीन कराई जा रही है।