मंदिरों और दुर्गा पंडालों में अब भी प्रशासन का पहरा, नवरात्रि उत्सव को लेकर जारी की गाइडलाइन


दुर्ग। दो दिन बाद 7 अक्टूबर से नवरात्र शुरू हो रही है। प्रशासन ने सोमवार को नवरात्र पूजा को लेकर गाइडलाइन जारी की है। जारी गाइडलाइन अव्यवहारिक है। इसे जारी करने में इतनी देरी की गई कि ट्विनसिटी में दुर्गा पंडाल सजकर तैयार हो चुके हैं। तैयारी अंतिम रूप में है। इतना ही नहीं जगह-जगह मेले और सांस्कृतिक आयोजन की भी है।

गाइडलाइन के पालन को लेक संशय उत्पन्न हो गया है। प्रशासन ने 25 बिंदुओं की गाइडलाइन जारी की है। इसमें खास बात यह है कि मंदिरों व दुर्गा पंडालों पर प्रसाद व चरणामृत के वितरण पर पूरी तरह से रोक लगाई गई हैं। वहीं बाजार, होटल व ढाबों में खाद्य सामग्रियों के खाने-पीने में छूट दी गई है। इतना ही नहीं 8 फीट तक दुर्गा प्रतिमाओं की अनुमति जारी की गई है, लेकिन 15 फीट तक दुर्गा प्रतिमाएं स्थापित की जा रही है। सांस्कृतिक आयोजन और मेले प्रतिबंधित किए गए हैं, लेकिन टाउनशिप सहित अन्य जगहों पर मेले को लेकर जोरशोर से तैयारियां चल रही हैं। इसे लेकर न ही किसी प्रकार की अनुमति ली गई है न ही इस दिशा में कोई गंभीरता दिखी है।
इधर : ट्विनसिटी में आदेश के बाद भी नियमों को ताक पर रखकर चल रही पंडालों में तैयारी
सेक्टर 7: सड़क 16 मेंं 40 बाई 50 फीट का पंडाल मूर्त रूप ले रहा है। इससे बड़ी जगह घेरी गई है। नवरात्र पर मेले के आयोजन को लेकर भी पूरी तैयारी कर ली गई है। अनुमति स्पष्ट नहीं है।
भिलाई सिविक सेंटर मैदान: दुर्गा पंडाल तैयार किया जा रहा है। पंडाल के ठीक सामने सबसे बड़ा गरबा का आयोजन होना है। इसी तरह रिसाली, मरोदा में भी इस तरह के आयोजन की तैयारी की गई है।
गंजपारा दुर्ग: यहां 30 बाई 40 फीट का दुर्गोत्सव पंडाल बनाया गया है। इस पंडाल के साथ झांकी भी सजेगी। यहां के लंबे-चौड़े परिसर के साथ दोनों तरफ की सड़कों पर दुकानें लगाने की तैयारी है।
भिलाई कैंप 18 नंबर रोड ब्लॉक हो गया है। दोनों तरफ से लोग आ-जा नहीं सकते। दुर्ग के पोलसाय पारा, कुआं चौक, दीपकनगर गली नंबर 4 सहित अन्य जगहों पर सड़क को ही बंद कर दिया गया है।
शहर में जोर-शोर से चल रही उत्सव की तैयारी
दुर्ग-भिलाई में नवरात्र उत्सव की तैयारी जोर-शोर से चल रही है। प्राय: समितियां कोविड प्रोटोकॉल को भूल चुकी हैं। उन्होंने इसे लेकर कहीं किसी प्रकार का मार्गदर्शन तक नहीं मांगा है। अपने स्तर पर तैयारी की है। इधर जिला प्रशासन ने भी आदेश जारी करने में देरी की। इस वजह से 70 फीसदी से ज्यादा तैयारी हो चुकी है। पूरे जिले में 450 से ज्यादा जगहों पर दुर्गाेत्सव मनाए जाने की तैयारी की गई है। इसमें सबसे अधिक आयोजन दुर्ग और भिलाई शहर में किए जाने हैं। दुर्ग में तंग गलियों में बड़ी संख्या में प्रतिमाएं हर बार की तरह स्थापित की जा रही है।
- 450 से ज्यादा जगहों पर प्रतिमाएं होंगी स्थापित
- 250 जगहों पर दुर्ग-भिलाई में प्रतिमाएं स्थापित होंगी।
- 20 से ज्यादा जगहों पर मेले का आयोजन किया जा रहा।
- 50+ जगहों पर गरबा व अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे।
- 08 जगहों पर बड़े स्तर पर दशहरा उत्सव की तैयारी।
- नोट-भास्कर पड़ताल में ये जानकारी सामने आई
परीक्षण कराया जाएगा, इसके बाद फिर से निर्णय
गणेशोत्सव के दौरान ही मूर्तिकारों से चर्चा हो चुकी है। पंडालों और अन्य चीजों को लेेकर गाइडलाइन रायपुर के आधार पर जारी की गई है। गाइडलाइन में अव्यवहारिक दिक्कतों का परीक्षण करेंगे। इसके बाद जरूरत के हिसाब से संशोधन भी किया जा सकता है।
-डॉ. सर्वेश्वर नरेंद्र भुरे, कलेक्टर