मेरी शादी करवा दो कलेक्टर साहब! डीपीओ ने कहा, साहब लड़की भी ढूंढनी है तो हंस पड़े कलेक्टर
दुर्ग(चिन्तक)। कलेक्टर डॉ. एसएन भुरे के जन दर्शन में 39 वर्षीय एक युवक पहुंचा और कलेक्टर के सामने शादी करवाने की मांग की। मांग सुनते ही कलेक्टर भी हंस पड़े। कलेक्टर ने जिला कार्यक्रम अधिकारी (डीपीओ) विपिन जैन से कहा कि युवक की शादी कराओ। इस पर डीपीओ ने कहा कि सर शादी तो करा दें, लेकिन ये कहता है कि उसके लिए लड़की भी खोजकर लाओ। भला अब इसके लिए लड़की कहां से खोजकर लाई जाए।
दुर्ग जिले के बोरसी क्षेत्र निवासी एक युवक मंगलवार को कलेक्ट्रेट जन दर्शन में अपनी शादी की मांग को लेकर पहुंचा था। उसने आवेदन में लिखा कि उसकी शादी मुख्यमंत्री विवाह योजना के तहत सामूहिक विवाह में करा दी जाए। कलेक्टर ने डीपीओ से कहा कि इस बार के आयोजन में उसकी शादी क्यों नहीं करवा दे रहे हो। इस पर डीपीओ ने कहा कि शादी कराने में कोई समस्या नहीं है, लेकिन युवक का कहना है उसके लिए लड़की भी खोजकर लाओ। ऐसे में भला अब इसके लिए लड़की कहां से खोजकर लाऊ। जब कलेक्टर ने पूरा मामला समझा तो वह हंस पड़े। उन्होंने युवक से कहा कि वह उसकी शादी तो करा सकते हैं, लेकिन उसे अपने लिए लड़की तो खोजकर लानी पड़ेगी।
बताया जा रहा है कि युवक अपनी शादी को लेकर कई सालों से परेशान है, लेकिन उसे कोई योग्य कन्या नहीं मिल पा रही है। इसीलिए उसने अपनी शादी के लिए कलेक्टर से गुहार लगाई। यह पहली बार नहीं है जब युवक ने इस तरह का आवेदन दिया है। इससे पहले भी वह इस सबंध में आवेदन दे चुका है।