Google Analytics —— Meta Pixel

ओवरटेक के चक्कर में गई युवक की जान, दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल

Untitled

राजनांदगांव| राजनांदगांव जिले के चिखली में ट्रक को ओवरटेक करने के चक्कर में युवक की जान चली गई। वहीं दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल है, जिसे इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

जानकारी के मुताबिक, खैरागढ़ के दिलीपपुर गांव का रहने वाला शुभम वर्मा (22) अपने साथी लखोली निवासी शरद यादव के साथ बाइक से राजनांदगांव की ओर आ रहा था। दोनों चिखली ओवरब्रिज के पास पहुंचे ही थे, तभी सामने चल रहे ट्रक को ओवरटेक करते समय उनकी बाइक इसकी चपेट में आ गई।

हादसे में शुभम वर्मा ट्रक के पिछले पहिये के नीचे आ गया। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं पीछे बैठे शरद को गंभीर चोट आई है। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को तत्काल मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया। मृत युवक के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवा दिया गया है।

हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ इकट्ठा हो गई थी, जिसे पुलिस ने हटाया। लोगों का कहना है कि सड़क हादसों पर लगाम लगा पाने में पुलिस पूरी तरह से नाकाम साबित हुई है। वहीं पुलिस ने बताया कि ट्रक को जब्त कर लिया गया है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।