Google Analytics —— Meta Pixel

भिलाई में तेज रफ्तार SUV ने बाइक को मारी टक्कर: नशे में धुत युवक चला रहा था कार, देखिए Video।।।

Feb-15-4-860x484

भिलाई। नेहरू नगर में बुधवार रात एक युवक ने शराब के नशे में एसयूवी कार से बाइक सवार भाई-बहन को टक्कर मार दी। इसके बाद कार ट्रांसफार्मर से जा टकराई। हादसे में घायल भाई-बहन की हालत गंभीर बताई जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कार चालक नशे में गाड़ी से उतरा और कहा कि ऐसे हो जाता है एक्सीडेंट, पुलिस को बुलाइए, मेरा कुछ नहीं बिगड़ेगा।

जानकारी के मुताबिक, बुधवार रात करीब 11 बजे नेहरू नगर स्थित कैलाश पर्वत रेस्टोरेंट के पास दुर्ग का रहने वाला हर्ष जैन अपनी कार CG-07 BV 5678 सवार था। कार काफी तेज रफ्तार में था जिसके चलते वो काबू खो बैठा और हादसा हो गया।

हर्ष तेज रफ्तार में नेहरू नगर चौक की तरफ से केपीएस स्कूल की तरफ आया। मोड़ पर उससे गाड़ी नहीं संभली। उसी समय रायपुर नाका सिंधी कॉलोनी दुर्ग का रहने वाला निखिल सिंह (21) अपनी बहन सरनजीत कौर (18) के साथ कैलाश पर्वत रेस्टोरेंट से निकल रहा था। हर्ष ने अपनी तेज रफ्तार कार से बाइक सवार दोनों भाई-बहन को जोरदार टक्कर मार दी। बाइक (CG 07 LW 7740) को लगी तेज टक्कर से दोनों भाई-बहन हवा में 10 फीट तक उछल गए। दोनों हादसे में गंभीर रू से घायल हैं। इसके बाद आरोपी की कार रेस्टोरेंट के पास लगे ट्रांसफॉर्मर से जा टकराई।

टक्कर से बाइक सवार निखिल सिंह का बायां पैर कटकर लटक गया। वहीं दाहिना पैर टूट गया। युवती सरनजीत के सिर और हाथ-पैर में गंभीर चोट आई है। दोनों घायलों को तुरंत एंबुलेंस से स्पर्श हॉस्पिटल ले जाया गया। जहां उन्हें ICU में भर्ती कराया गया है। आरोपी हर्ष जैन दुर्ग के मॉर्डन पटाखा कारोबारी अनीश जैन का बेटा है। वहीं, घायल भाई-बहन AAP नेता मेहरबान सिंह के भतीजे-भतीजी हैं। मेहरबान सिंह ने बताया कि हर्ष जैन ने काफी शराब पी रखी थी। वो कई बार इसी तरह शराब के नशे में रफ ड्राइविंग करते हुए देखा जा चुका है।

मेहरबान सिंह का कहना है कि उसकी गलती से उनके भतीजे-भतीजी का जीवन संकट में है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। उसे गिरफ्तार किया गया, लेकिन फिर जमानत पर छोड़ दिया गया। आप नेता का कहना है कि आरोपी को कड़ी सजा होनी चाहिए। मेहरबान सिंह ने बताया कि उनके भाई-भाभी एक बाइक पर और भतीजा-भतीजी अलग बाइक पर थे। वे लोग रात में खाना खाने के लिए कैलाश पर्वत रेस्टोरेंट नेहरू नगर गए थे। रेस्टोरेंट बंद हो जाने के चलते वे सभी लौट रहे थे। भाई-भाभी की बाइक सड़क पार कर चुकी थी। इधर भतीजा, बहन को बैठाकर रोड पार करने ही वाला था कि पलक झपकते ही कार उनकी बाइक को टक्कर मारते हुए आगे ट्रांसफॉर्मर में घुस गई।