Google Analytics —— Meta Pixel

Mahadev App: महादेव-सट्टा केस में SEBI की एंट्री: शेयर मार्केट में 1000 करोड़ का निवेश, चार्जशीट में खुलासा…

Mahadev App

रायपुर। छत्तीसगढ़ में संचालित महादेव सट्टा ऐप में ED, EOW के बाद अब SEBI की एंट्री हो गई है। ED की चार्जशीट में खुलासा हुआ कि महादेव सट्टा ऐप प्रमोटर सौरभ चंद्राकर, रवि उप्पल और शुभम सोनी ने सट्टेबाजी की काली कमाई को सफेद करने शेयर मार्केट में 1000 करोड़ रुपए से ज्यादा का निवेश किया है। इसी की जांच भारतीय प्रतिभूति और विनिमय बोर्ड (SEBI) करेगी।

दरअसल, ED की ओर से पेश की गई 2020 पन्नों की चार्जशीट में इसका खुलासा किया गया है। जांच में कहा गया है कि बड़ी रकम एक जगह कैश रखने के बजाय प्रमोटरों ने ऑनलाइन ही पूरा ट्रांजेक्शन किया। इससे एक ही समय में करोड़ों रुपए के शेयर एक साथ खरीदे गए। ज्यादातर शेयर नामी कंपनियों के हैं, ताकि उन्हें भविष्य में किसी भी तरह का कोई नुकसान न उठाना पड़े। शेयर मार्केट में तगड़ा निवेश करने के लिए प्रमोटरों ने फर्जी शैल कंपनियां बनाई। इसमें ज्यादातर कंपनियां विदेश की दिखाई गई ताकि किसी को शक न हो। ईडी ने हवाला कारोबारी गिरीश तलरेजा और सुरेश चोखानी के गिरफ्तारी के 60 दिन बाद पिछले हफ्ते ही 252 पन्नों का पूरक परिवाद और 2200 पेज के दस्तावेज पेश किए हैं।

ED के ​परिवाद के अनुसार आरोपी हरिशंकर टिबरेवाल महादेव सट्टे के प्रमोटर का पार्टनर हैं। दोनों स्काई एक्सचेंज एप में भी प्रमुख साझेदार हैं। दोनों मिलकर सट्टे का पैसा शेयर मार्केट में निवेश कर रहे हैं। इसके लिए अलग से टीम बनाई गई थी। इस टीम में शेयर मार्केट के जानकारों को रखा गया था, जो ट्रेडिंग का काम करते थे। इसमें सूरज चोखानी, नितिन ​टिबरेवाल समेत अन्य लोग शामिल हैं। हरिशंकर और नितिन के पास हवाला से पैसा आता था। इस रकम को अलग-अलग कंपनियों के नाम से शेयर में निवेश किया जाता। यही काम सूरज चोखानी, संदीप मोदी, कमल किशोर, प्रशांत बागरी, गिरीश तलरेजा और अन्य करते थे। ईडी नीतिन, गिरीश और सुरेश को पकड़ पाई है। बाकी फरार हैं।

अब तक 1300 करोड़ की संपत्ति की गई अटैच

ED ने महादेव सट्टा मामले में अब तक 1300 करोड़ की संपत्ति को अटैच किया है। इसमें 1.86 करोड़ कैश, 1.78 करोड़ की ज्वेलरी, 580 करोड़ की संपत्ति और शेयर मार्केट में निवेश किया गया पैसा शामिल हैं। छत्तीसगढ़ के अलावा दूसरे राज्यों में भी स्थित संपत्तियों को अटैच किया गया हैं। इसमें मामले में अब तक 19 गिरफ्तारी हुई है। 30 से ज्यादा लोग फरार हैं।

रीसेंट पोस्ट्स