Google Analytics —— Meta Pixel

पार्किंग को लेकर विवाद, SECL के अधिकारी की कर दी पिटाई, पढ़ें पूरी खबर

Untitled

बिलासपुर| पार्किंग की समस्या लगातार बढ़ रही है। शहर में शॉपिंग कॉम्पलेक्स हो या फिर कई दुकानें पार्किंग की समस्या पुरानी है। इससे आए दिन लोगों के गाड़ी हटाने को लेकर विवाद होता रहता है। एक मामला सिविल लाइन क्षेत्र में भी आया है जहां पर पार्किंग के विवाद को लेकर एसईसीएल के अधिकारी की पिटाई कर दी। वहीं उनकी पत्नी से भी गाली-गलौज की है। इसकी शिकायत एसईसीएल अधिकारी ने दर्ज करवाई है।

बता दें, मामला व्यापार विहार सिविल लाइन थाना क्षेत्र का है। सरकण्डा के राजकिशोर नगर में रहने वाले अमृत तिवारी एसईसीएल में सहायक प्रबंधक है। उन्होंने पुलिस में शिकायत की है। शिकायत में बताया कि 6 जुलाई की दोपहर वे अपनी पत्नी नेहा तिवारी को लेकर व्यापार विहार स्थित एयू स्माल फाइनेंस बैंक आए थे।

उन्होंने अपनी कार को बैंक ऑफ बड़ोदा के सामने पार्किंग में खड़ी कर दिया। अधिकारी अपनी पत्नी को लेकर बैंक के अंदर चले गए। काम निपटाने के बाद जब वे बाहर आए तो उनकी कार के सामने दूसरी कार खड़ी थी। इससे अधिकारी अपनी कार नहीं निकाल पा रहे थे।

करीब 15 मिनट बाद कार का ड्राइवर वहां पर आया। अधिकारी ने उसे अपनी कार के सामने खड़ी कार को हटाने के लिए कहा। इसी बात को लेकर ड्राइवर ने एसईसीएल के अधिकारी से गाली-गलौज करते हुए पिटाई की।

पति से मारपीट होते देख उनकी पत्नी ने बीच-बचाव की कोशिश की। मारपीट करने वालों ने महिला से भी धक्का-मुक्की की। इससे महिला को चोटें आयी है। मारपीट से घायल अधिकारी ने पूछताछ की तो पता चला कि मारपीट करने वाले एयू बैंक के ही कर्मचारी है। अधिकारी की शिकायत पर पुलिस ने जुर्म दर्ज कर मामले की जांच शुरू की है।