Google Analytics —— Meta Pixel

केस वापस लेने के लिए बनाया दबाव, महिला पर जानलेवा हमला, हालत गंभीर

crime

बिलासपुर| कोटा के गड्ढा पारा में पूर्व में हुए मारपीट का केस वापस लेने के लिए आरोपित ने महिला पर दबाव बनाया। मना करने पर आरोपित और उसके भाई ने महिला के सिर पर नारियल काटने के चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल महिला को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। शिकायत पर पुलिस ने हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर आरोपित की तलाश शुरू कर दी है।

बता दें, कोटा के गड्ढा परा में रहने वाले तरकीब शाह फेरी लगाकर आलू-प्याज बेचते हैं। करीब छह दिन पहले उनकी बेटी नाजमा और रुखसार की मोहल्ले में रहने वाले इफायत और इरफान ने पिटाई कर दी। नाजमा ने इसकी शिकायत थाने में की। इस पर पुलिस ने जुर्म दर्ज कर शनिवार को बयान दर्ज कराने के लिए बुलाया था।

इस पर तरकीब शाह अपनी दोनों बेटियों को लेकर थाने पहुंचे थे। घर पर उनकी पत्नी दातार बी अकेली थी। शाम पांच बजे के करीब वह किसी काम से घर के बाहर निकली। इसी दौरान इसार और इरफान ने उसे रोकर केस वापस लेने के लिए कहा। मना करने पर इसार अली ने नारियल काटने वाले चाकू से महिला के सिर पर वार कर दिया।

इससे महिला लहूलुहान हो गई। महिला किसी तरह जान बचाकर सीधे थाने पहुंची। उसने घटना की जानकारी स्वजनों को दी। इधर पुलिसकर्मियों ने घायल महिला को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद घायल महिला को सिम्स रेफर कर दिया।

महिला को उनके दामाद सिम्स लेकर गए। इधर उनके पति ने घटना की शिकायत कोटा थाने में की। इस पर पुलिस ने हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस की टीम हमलावर की तलाश कर रही है।