छत्तीसगढ़ में नगरीय निकाय चुनाव के नतीजे कल : डिप्टी सीएम अरुण साव ने किया सभी निकायों में जीत का दावा

रायपुर। छत्तीसगढ़ में नगरीय निकाय के लिए 11 फरवरी को मतदान संपन्न हुए। 10 नगर निगम, 49 नगर पालिका परिषदों व 114 नगर पंचायतों में मतगणना 15 फरवरी यानी शनिवार को होनी है। राज्य निर्वाचन आयोग ने इसकी तैयारियां पूरी कर ली हैं। सभी जिलों में कलेक्टरों ने मतगणना को लेकर अधिकारियों व कर्मचारियों को प्रशिक्षण दे दिया है। इधर मतगणना से पहले हारजीत के दावे भी सामने आने लगे हैं। प्रदेश के उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने गुरुवार को मीडिया से चर्चा करते हुए दावा किया कि सभी निकायों में भाजपा के जीत होगी। कांग्रेस हार से पहले हार के बहाने तैयार करने में जुटी है। नतीजों के बाद कांग्रेस ईवीएम पर भी दोष मड़ेगी।

उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि, नगरीय निकाय चुनाव की मतगणना कल होगी और हम आश्वस्त है चुनाव परिणाम हमारे पक्ष में आएंगे। भाजपा ने इस चुनाव को पूरी गंभीरता लड़ा है। अटल विश्वास पत्र शहर की जनता के समक्ष प्रस्तुत किया। इसमें नगरीय निकाय के चुनाव के लिए रोड मैप प्रस्तुत किया गया। साथ ही 13 महीने में हमने पूरी प्रतिबद्धता से काम किया है। उम्मीद है भाजपा अधिकांश नगरीय निकाय चुनाव जीतेगी। उन्होंने बताया कि, चुनाव के दौरान अनेक नगरीय निकायों में नामांकन रैली,रोड शो और आमसभा किया, इसमें जनता का जो उत्साह दिखा है, इससे पूरी तरह स्पष्ट है कि नगरीय निकाय चुनाव परिणाम भाजपा के पक्ष में आएंगे। नगरीय निकाय चुनाव के परिणाम लोकसभा, विधानसभा से बेहतर होंगे।

डिप्टी सीएम साव ने कांग्रेस पर भी तंज कसा है। उन्होंने कहा कि अभी चुनाव परिणाम आया नहीं और कांग्रेस हार के बहाने ढूंढने में लग गई है। कल आने वाले नतीजों से पहले ही कांग्रेस पार्टी ईवीएम पर ठीकरा फोड़ने की भूमिका बना चुकी हैं। अरुण साव ने कहा कि छत्तीसगढ़ के शहरों में पांच साल तक कांग्रेस ने कोई काम नहीं किया। राज्य और निकायों में सरकार होने के बाद भी जनता के काम नहीं हुए। वहीं भाजपा सरकार पर छत्तीसगढ़ की जनता को भरोसा है। इसलिए निकायों में भाजपा की जीत तय है। डिप्टी सीएम साव ने बजट सत्र को लेकर कहा कि हमारी सरकार विधानसभा में विपक्ष के सभी प्रश्नों का जवाब देने के लिए तैयार है।

रीसेंट पोस्ट्स