Google Analytics —— Meta Pixel

पोते ने दादी को उतारा मौत के घाट, वारदात को अंजाम देकर दूसरे कमरे में जाकर सो गया

maut

मरवाही। गौरेला पेंड्रा मरवाही जिले के मरवाही थाना क्षेत्र में पोते ने अपनी ही दादी की चाकू और डंडे से हमला कर उसे मौत के घाट उतार दिया। मामले में पुलिस ने परिजनों की शिकायत पर आरोपी पोते के खिलाफ 103(1) बीएनएस का अपराध दर्ज कर आरोपी पोते को हिरासत में ले लिया है। रोज-रोज हो रहे विवाद के बाद युवक ने इस वारदात को अंजाम दिया।

मिली जानकारी के अनुसार मरवाही थाना क्षेत्र के पथर्री गांव के कुम्हारी मोहल्ले में रहने वाली जानकी प्रजापति की उसके पोते बयंत प्रजापति ने हत्या कर दी। पोता बयंत अपनी दादी के घर से अलग रहता था लेकिन दोनों में आए दिन विवाद होता रहता था। गुरुवार को भी दादी और पोते में विवाद हुआ जो बढ़ता चला गया। इसके बाद नाराज पोते ने घर के परछी में खाट पर लेटी हुई दादी जानकी प्रजापति के ऊपर डंडे और चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। वहां से भाग कर दूसरे कमरे में सो गया।

इसेक बाद घर के दूसरे कमरे में रहने वाले बयंत के छोटे भाई अभिषेक को जब चीखने चिल्लाने की आवाज आई तो वह घर के परछी में आकर देखा तो दादी अचेत अवस्था में खाट में ही मृत अवस्था में पड़ी हुई मिलीं। मृतका के शरीर पर कई गंभीर चोट के निशान मिले और पूरा शरीर खून में लथपथ था।  इसके बाद उसने मामले की जानकारी तत्काल फोन से अपने रिश्तेदारों को दी और थाने पहुंचकर पूरे मामले की लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने भी तत्काल मामले की शिकायत पर आरोपी पोता बयंत प्रजापति के खिलाफ बीएनएस की धारा 103(1) के तहत जानकी प्रजापति की हत्या के मामले में उसके पोते बयंत के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उसे हिरासत में ले लिया है और मामले की विवेचना में जुट गई है।