Google Analytics —— Meta Pixel

नकली नोट लेकर आईसक्रीम लेने पहुंचा ग्राहक, दुकानदार की सूझ से धराया.. 500 व 200 रुपए के नकली नोट बरामद

money

भिलाई। पुरानी भिलाई थाना क्षेत्र में नकली नोट खपाने पहुंचा शातिर पुलिस के हत्थे चढ़ गया। चरोदा स्थित एक बेकरी में उक्त व्यक्ति पहुंचा और पांच सौ रुपए का नोट देकर आइसक्रीम की मांगी। दुकानदार ने नोट छूकर देखा तो उसे नकली होने का अहसास हुआ। इसके बाद उसने पुलिस को सूचना दे दी। मौके पर पहुंची पुलिस से उस व्यक्ति को हिरासत में लिया। तलाशी लेने पर पुलिस को उस व्यक्ति के पास से 500 रुपए के 18 और 200 रुपए के 11 नकली नोट मिले। फिलहाल पुलिस ने शख्स को गिरफ्तार कर लिया है। पुरानी भिलाई पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है।

पुरानी भिलाई थाना प्रभारी महेश ध्रुव ने बताया कि घटना 19 अप्रैल की है। चरोदा ज्योति विद्यालय के पास विवेक कुलश्रेष्ठ की जलाराम बेकरी के नाम से दुकान है। दुकान में एक व्यक्ति आईसक्रीम लेने के लिए पहुंचा और 500 रुपए का नोट दिया। नोट देखने से उसकी प्रिंट से नकली लग रहा था इसके बाद उसने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंचे उप निरीक्षक योगेश्वर कुमार वर्मा उस व्यक्ति को हिरासत में लेकर तलाशी शुरू की। पूछताछ में व्यक्ति ने अपना नाम नरेद्र सिंह निवासी वीरेंद्र नगर आर्टस कालेज के पीछे सरायपाली महासमुंद, हाल रायपुरा रामनगर अभिषेक देवांगन का मकान प्रगति विद्यालय के पीछे थाना डीडी नगर रायपुर बताया।

नकली नोट खपाने पहुंचा नरेन्द्र सिहं पहले भी इसी दुकान में नकली नोट खपा चुका है। दुकान संचालक विवेक कुलक्षेष्ठ ने बताया कि चार से पांच दिन पहले भी वह दुकान में पहुंचा था। दुकान में वह रात को करीबन 09.45 बजे आया और कुछ सामान लेने के बाद 200-200 रुपए चार नोट देकर चला गया। बाद में पता चला कि वह नकली नोट हैं। चारों नोटों का सीरियल नंबर 9EW063476 था। जिसमें से दो नोट को उनके पिताजी ने फाड़ दिया और दो नोट रखे रहे। 19 अप्रैल की रात करीबन 10.45 बजे दुकान बंद करने के समय वह फिर से आया। 500 रुपए का जाली नोट जिसका सीरियल नंबर 8CV405332 देकर 50 रुपए की कुल्फी पैक कराई। इस दौरान दुकान संचालक की नजर उसकी बाईक पर पड़ी जिस पर वही हेलमेट लटका हुआ था जो चार दिन पहले दुकान आते समय पहना था। इससे उसने पहचाना और अपने पिता से भी पहचान कराने के बाद पुलिस को सूचना दी।

इसके बाद जब पुलिस ने शातिर की तलाशी शुरू की तो उसके जेब से 500 रुपए सीरियल नंबर 4MA 088412 वाला एक नकली नोट, बाइक पर लगे लेदर बैग में सीरियल नंबर 2HP 509055 वाले 4 नकली नोट, सीरियल नंबर 2HR 347889 वाले 3 नकली नोट, सीरियल नंबर 8QV812700 वाले 03 नकली नोट, सीरियल नंबर 8CV405332 वाले 8 नकली नोट इस प्रकार 500 रुपए के कुल 18 नकली नोट तथा 200 रुपए सीरियल नंबर 9EW063476 वाले 5 नकली नोट, सीरियल नंबर 6CG001655 वाले 6 नकली नोट कुल 11 नकली नोट बरामद कर आरोपी को उक्त मोटर सायकल व नकली नोट के संबंध में धारा 94 बीएनएसएस का नोटिस दिया। एक ही सिरियल नंबर के एक से अधिक नोट होने के बाद पुलिस ने नरेन्द्र सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के खिलाफ धारा 318(4), 179, 180 बीएनएस तहत कार्रवाई की गई।