Google Analytics —— Meta Pixel

नई कलेक्टर गाइड लाइन तैयार करने के लिए सर्वे का काम चालू, जमीन रजिस्ट्री की प्रक्रिया 2 घंटे बंद

ragistar

रायपुर। सभी जिलों में नई कलेक्टर गाइड लाइन तैयार करने के लिए सर्वे का काम चल रहा है. इस सर्वे में पटवारी, तहसीलदारों से लेकर पंजीयन विभाग के उप पंजीयक भी जुटे हुए हैं, जिसके कारण रायपुर सहित प्रदेशभर के तमाम पंजीयन कार्यालयों में बीते एक सप्ताह से सुबह 10 से 12 बजे तक रजिस्ट्री की प्रक्रिया पूरी तरह से बंद है.

पंजीयन के समय में की गई तब्दीली के कारण लोग रजिस्ट्री कराने के लिए पंजीयन कार्यालय खुलने के दो घंटे बाद का ही ऑनलाइन अपॉइंटमेंट ले पा रहे हैं. मरता क्या न करता पर अमल करते हुए लोग भरी दोपहर में तमाम परेशानी उठाते हुए रजिस्ट्री के लिए पंजीयन कार्यालय में पहुंच रहे हैं.

सर्वे में व्यस्त उपपंजीयकों के कारण सुबह के दो घंटे का समय पंजीयन कार्यालय में रजिस्ट्री के लिए बंद कर दिया गया है. इसके कारण लोगों को दिनभर में दोपहर 12 बजे से शाम 5 बजे तक कुल 5 घंटे का ही समय मिल पा रहा है. इधर सुबह का समय कम किया गया है, लेकिन शाम को समय बढ़ाया नहीं गया है, जिसके कारण कई लोगों को अपॉइंटमेंट भी नहीं मिल पा रहा है.