असिस्टेंट कमिश्नर पर दुष्कर्म का अपराध दर्ज, पीड़िता बोली-सात साल तक किया दुष्कर्म, तीन बार गर्भपात…

download (1)

दंतेवाड़ा। आदिम जाति कल्याण विभाग के सहायक आयुक्त आनंद सिंह पर दुष्कर्म का मामला दर्ज किया गया है। आनंद सिंह वर्तमान में बीजापुर जिले में पदस्थ है। जब वे दंतेवाड़ा में पदस्थ थे उस समय के कार्यकाल में यौन शोषण और गर्भपात का आरोप लगा है। मामला गीदम थाना क्षेत्र का है।

मिली जानकारी के अनुसार बीजापुर जिले के वर्तमान सहायक आयुक्त आनंद जी सिंह पूर्व में दंतेवाड़ा जिले में पदस्थ थे। महिला द्वारा गीदम थाने में दर्ज करवाई गई एफआईआर के अनुसार वह गीदम क्षेत्र में रहती है और शादीशुदा है। पर उसका वैवाहिक जीवन ठीक नहीं चल रहा था और पति से विवाद के बाद वह अलग रह रही हैं। साथ ही तलाक की प्रक्रिया कोर्ट में लंबित है। महिला का आरोप है कि किसी के माध्यम से दंतेवाड़ा के सहायक आयुक्त आनंद जी सिंह से पहचान हुई। पहचान के बाद दोनों में दोस्ती हो गई और दोनों मिलने जुलने लगे।

महिला का आरोप है कि दोस्ती के बहाने आनंद जी सिंह ने रिश्ता आगे बढ़ाया और प्यार का इजहार किया। चुंकि महिला भी पति से अलग रह रही थी और तलाक लेने वाली थी इसलिए उसने उनका प्रपोजल स्वीकार कर लिया। इस दौरान दोनों के बीच शारीरिक संबंध भी बने। सहायक आयुक्त भी शादीशुदा है, उन्होंने अपनी पत्नी से तलाक लेकर महिला से शादी का वादा किया था।

महिला की शिकायत के अनुसार वह 2018 से सहायक आयुक्त से संपर्क में है और सहायक आयुक्त तब से लेकर अब तक उससे शादी का झांसा दे संबंध बना रहा है। इस बीच वह तीन बार गर्भवती भी हो गई पर आनंद जी सिंह ने गर्भपात करवा दिया। शादी के लिए दबाव बनाने पर सहायक आयुक्त ने मना कर दिया।

जिसके बाद महिला ने गीदम थाने पहुंच कर शिकायत दर्ज करवाई। शिकायत के बाद पुलिस ने सहायक आयुक्त के खिलाफ धारा 64(1),351(2) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर लिया है और मामले की विवेचना कर रही हैं। वही सहायक आयुक्त अपराध दर्ज होने की जानकारी लगने पर फोन बंद कर फरार हो गए है।