तलवार व पिस्टल लेकर पहुंचे बदमाश, हवाई फायर कर भागे… मुख्य आरोपी गिरफ्तार, तीन की तलाश जारी…..

download (1)

भिलाई। छावनी थाना क्षेत्र में एक शख्स की हत्या करने के इरादे से पहुंचे बदमाशों ने फायरिंग कर दी। जिस समय बदमाश पहुंचे तक वह शख्स घर पर नहीं था। तलवार व पिस्टल के साथ पहुंचे बदमाशों ने हवाई फायरिंग की और भाग निकले। घटना के बाद परिजनों की शिकायत के बाद रातभर छावनी पुलिस इलाके की खाक छानती रही। इस मामले में छावनी पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं तीन आरोपी फरार बताए जा रहे हैं। पुलिस इनकी तलाश कर रही है।

मिली जानकारी के अनुसार यह घटना छावनी थाना क्षेत्र के आदर्श नगर की है। आदर्श नगर निवासी सूरज सिंह पर हमला करने के इरादे से चार से पांच बदमाश बाइक से पहुंचे। इनके हाथों में तलवार व पिस्टल थी। घटना के समय सूरज किसी काम से बाहर गया था। घर में उसकी पत्नी गोल्डी सिंह, बच्चे और मां ही थे। रात लगभग 8 बजे एक युवक पहुंचा और सूरज को बुलाने लगा। वह दरवाजे के पास जोर जोर से चिल्लाते हुए सूरज सिंह को बाहर बुला रहा था। इस दौरान घर के भीतर उसकी पत्नी गोल्डी डरी सहमी थी।

सूरज की पत्नी गोल्डी उसे पहचानती थी। पुलिस को उसने बताया कि उसका नाम रविशंकर है और उसके हाथ में पिस्टल था। रविशंकर व सूरज मछली का व्यापार कर रहे थे और दोनों के बीच लेनदेन को लेकर विवाद चल रहा था। रविशंकर रात को दरवाजा पीटने लगा तो उसे बताया कि सूरज नहीं है इसके बाद वह आग बबूला हो गया और जान से मारने की धमकी देने लगा। दरवाजा नहीं खुलने से वह नाराज हो गया और गुस्से में बाहर निकलकर हवाई फायर कर गाली-गलौज करते हुए वहां से चले गए।

घटना की सूचना के बाद छावनी पुलिस की टीम ने सर्चिंग शुरू की। रात को रविशंकर व उसके साथियों की तलाश करती रही। हवाई फायरिंग की जानकारी मिलने के बाद छावनी सीएसपी हरीश पाटिल और एएसपी सुखनंदन राठौर भी वहां पहुंचे। उन्होंने भी घटना स्थल और आसपास की जगहों का मुआयना किया। इस दौरान पुलिस ने मुख्य आरोपी रविशंकर को गिरफ्तार कर लिया है। घटना में मुख्य आरोपी रविशंकर का साथ देने वाले अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।

छावनी सीएसपी हरीश पाटिल ने बताया कि आदर्श नगर कैंप 1 में सूरज सिंह के घर के बाहर हवाई फायर हुआ था। जिसमें से कुल 04 आरोपी चिन्हांकित हुए हैं। प्रकरण में मुख्य आरोपी रविशंकर यादव उर्फ रवि सतनामी है को हिरासत में ले लिया गया है। बाकी 3 आरोपियों की तलाश की जा रही है। मुख्य आरोपी रवि शंकर ने सूरज सिंह के घर के बादह 1 राउंड फायर किया गया था। पुराने विवाद को लेकर गाली गलौच के कारण यह घटना हुई है।