Google Analytics —— Meta Pixel

बर्फ फैक्ट्री में ब्लास्ट, फैक्ट्री मालिक के उड़े चीथड़े, तीन मजदूर घायल

download

रायगढ़| रायगढ़ जिले के लाल टंकी बोहिदार पारा स्थित सुभाष की फैक्ट्री में आज ब्लास्ट हो गया। दोपहर को हुए ब्लास्ट में फैक्ट्री के मालिक के शरीर के चीथड़े उड़ गए। वहीं तीन मजदूर भी घायल हो गए। मेरी जानकारी के अनुसार फैक्ट्री में सिलेंडर फटने के चलते ब्लास्ट हुआ। घटना सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र की है।

रायगढ़ के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत लाल टंकी बोहिदार पारा में बर्फ फैक्ट्री संचालित है। बर्फ फैक्ट्री का नाम सुभाष आइस फैक्ट्री हैं। इसका संचालन 43 वर्षीय संजय सहगल करते थे। आज दोपहर किसी काम से फैक्ट्री आए थे। इस दौरान कुछ ग्राहक भी उनकी फैक्ट्री में बर्फ खरीदने आ गए। मिली जानकारी के अनुसार उन ग्राहकों को ही बर्फ की डिलीवरी देने के लिए संजय सहगल अपनी फैक्ट्री में गए थे। जैसे ही ग्राहक बर्फ खरीद कर निकले ठीक उसी दौरान फैक्ट्री में रखे ऑक्सीजन सिलेंडर में ब्लास्ट हो गया।

ब्लास्ट की चपेट में मौके पर मौजूद फैक्ट्री मालिक संजय सहगल आ गए। ब्लास्ट के चलते उनके शरीर के चीथड़े उड़ गए। वहीं फैक्ट्री में काम कर रहे मजदूर अमन पटेल सहित तीन अन्य लोग घायल हो गए। सभी घायल फैक्ट्री में मजदूरी करते थे। ब्लास्ट की आवाज दूर तक सुनाई दी और फैक्ट्री में जहां पर ब्लास्ट हुआ है वहां कई सामान बिखर गए। ब्लास्ट की खबर सुनकर आसपास के लोग बाहर आ गए और फैक्ट्री के सामने भीड़ लग गई।

लोगों ने ब्लास्ट की खबर पुलिस को दी। इसके बाद पुलिसकर्मी एंबुलेंस के साथ मौके पर पहुंचे। मौके पर पहुंचकर घायलों को अस्पताल में इलाज हेतु भर्ती करवाया गया है। वहीं मृतक को पीएम के लिए भेजा गया है। रायगढ़ कोतवाली टीआई सुखनंदन राठौर ने बताया कि प्रथम दृष्टया ऑक्सीजन सिलेंडर फटने की बात सामने आ रही है। मृतक के शव को पीएम के लिए भेज हम आगे जांच कर ब्लास्ट के कारणों का पता लगा रहे हैं।