Google Analytics —— Meta Pixel

पोते ने दादा को जिंदा जलाया, पेट्रोल डालकर लगा दी आग, वजह जानकर हो जाएंगे हैरान

aag

कबीरधाम। छत्तीसगढ़ के कबीरधाम में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। पोते ने दादा पर पेट्रोल डालकर जिंदा जला दिया। इस घटना में बुजुर्ग की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी पोते को गिरफ्तार किया है। घटना सिंघनपुरी के ग्राम बामी की है।

दरअसल, थाना सिंघनपुरी जंगल अंतर्गत 3-4 जून की दरम्यानी रात ग्राम बामी में घटित इस हृदय विदारक घटना ने समाज को झकझोर कर रख दिया। मृतक झड़ी राम साहू (65 वर्ष) को रात करीब 1:30 बजे सोते वक्त आग के हवाले कर दिया। जलती हालत में वे अपने घर के भीतर पहुंचे और पत्नी को पुकारा। परिजनों और ग्रामीणों की मदद से बुजुर्ग को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी मृत्यु हो चुकी थी।

पुलिस घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंची। घटनास्थल की स्थिति, मृतक की जलने की अवस्था और आसपास फैली पेट्रोल जैसी गंध को देखते हुए यह स्पष्ट था कि यह कोई सामान्य दुर्घटना नहीं, बल्कि एक पूर्व नियोजित हत्या है। एफएसएल टीम द्वारा मौके पर निरीक्षण कर एंटीमार्टम बर्निंग की पुष्टि की गई।

एसपी धर्मेन्द्र सिंह ने घटना की गंभीरता को देखते हुए विशेष जांच टीम गठित की। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पुष्पेंद्र बघेल एवं पंकज पटेल के निर्देश में, अनुविभागीय अधिकारी पुलिस लोहारा प्रतीक चतुर्वेदी के पर्यवेक्षण तथा थाना प्रभारी उप निरीक्षक रोशन बघेल के नेतृत्व में थाना सिंघनपुरी जंगल की टीम ने तत्परता से विवेचना शुरू की।

तकनीकी और पारिवारिक पहलुओं की बारीकी से जांच के पश्चात मृतक के पोते दीपक साहू पिता इटवारी साहू को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। आरोपी ने कबूल किया कि वो इस बात से नाराज था कि दादा ने अपनी जमीन का हिस्सा उसके पिता को न देकर अन्य बेटों को दे दिया। उसे लगा कि भविष्य में कुछ नहीं मिलेगा, उसने पेट्रोल डालकर दादा को आग लगा दिया।

आरोपी को हत्या के आरोप में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) और 111 के तहत हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया। बीते 4 दिनों में जिले में तीन हत्याओं की घटनाएं सामने आईं, जिनमें से दो मामलों का पुलिस ने तत्काल खुलासा किया।