जीत का जश्न बदला मातम में, हार्ट अटैक से फुटबॉल कोच की मौत
भिलाई। रिसाली में कल शाम आयोजित फुटबाल स्पर्धा जीतने के बाद न्यू मशाल क्लब के खिलाड़ी जहां खुशी से झूम रहे थे। कुछ देर बाद एक हृदयविदारक घटना ने पूरे माहौल को गमगीन कर दिया। न्यू मशाल क्लब फुटबाल टीम के कोच सुरेश राउत (52) की अचानक तबीयत बिगड़ गई। वे कुर्सी से नीचे गिर पड़े। उन्हें आनन-फानन में अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। आशंका जताई जा रही है कि उन्हें कार्डियक अरेस्ट आया था।
भिलाई-3 के विश्व बैंक कॉलोनी निवासी सुरेश राउत ‘पप्पू एक अनुभवी फुटबाल खिलाड़ी और न्यू मशाल क्लब की जूनियर टीम के कोच थे। शुक्रवार को वे अपनी टीम के साथ रिसाली के दशहरा मैदान स्थित फुटबाल ग्राउंड में फाइनल मुकाबले के लिए पहुंचे थे। मुकाबला बेहद रोमांचक रहा, जहां शुरुआत में प्रतिद्वंद्वी टीम ने तीन गोल दागे, वहीं मशाल क्लब ने भी बराबरी करते हुए तीन गोल किए और फिर एक निर्णायक गोल कर जीत अपने नाम कर ली। जीत के बाद मैदान पर कोच और खिलाडिय़ों का उत्साह देखने लायक था।