Google Analytics —— Meta Pixel

सीएम साय आईईडी ब्लास्ट में घायल एसडीओपी और टीआई से हॉस्पिटल पहुंचकर की मुलाकात, डॉक्टरों को बेहतर इलाज के दिए निर्देश

hospitel

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आज सुकमा आईईडी ब्लास्ट में शहीद एएसपी आकाश राव गिरपुंजे के राजधानी रायपुर स्थित निवास पहुंचकर उनके पार्थिव देह पर पुष्पचक्र अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। इस दौरान उन्होंने शोकसंतप्त परिवारजनों से मिलकर शोक संवेदना व्यक्त की और उन्हें ढांढस बंधाया। इसके साथ ही उन्होंने घायल पुलिस अधिकारी (एसडीओपी) भानुप्रताप चंद्राकर और थाना प्रभारी (टीआई) सोनल ग्वाला से निजी अस्पताल पहुंचकर मुलाकात की और उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली।

बता दें कि आईईडी ब्लास्ट में घायल हुए पुलिस अधिकारी (एसडीओपी) भानुप्रताप चंद्राकर और थाना प्रभारी (टीआई) सोनल ग्वाला अब खतरे से बाहर हैं। दोनों का इलाज रायपुर के एक निजी अस्पताल में जारी है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आज अस्पताल पहुंचकर उनसे मुलाकात की और स्वास्थ्य की जानकारी ली। इस दौरान मुख्यमंत्री साय ने अस्पताल में डॉक्टरों को घायलों के बेहतर इलाज के निर्देश दिए हैं।

जवानों से मुलाकात के दौरान उन्होंने उनके परिजनों से भी बातचीत की और आश्वासन दिया कि सरकार हर संभव सहायता प्रदान करेगी। मीडिया से चर्चा के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा, “दोनों अधिकारी अब खतरे से बाहर हैं। इलाज अच्छी तरह चल रहा है। परिजनों से बात हुई है और सरकार पूरी तरह उनके साथ है।”

सीएम ने राजनांदगांव का प्रस्तावित दौरा किया स्थगित

गौरतलब है कि मुख्यमंत्री साय ने इस नक्सल घटना के मद्देनजर अपना राजनांदगांव का प्रस्तावित दौरा स्थगित करते हुए मंत्रालय महानदी भवन स्थित अपने कार्यालय कक्ष में गृह विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों की हाई लेवल बैठक में इस घटना की जानकारी ली और नक्सल ऑपरेशनों की समीक्षा की। उन्होंने घायल जवानों को त्वरित रूप से समुचित इलाज उपलब्ध कराने सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

बैठक में गृह विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव मनोज पिंगुआ, पुलिस महानिदेशक अरुण देव गौतम, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध कुमार सिंह, अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक नक्सल ऑपरेशन विवेकानंद सिन्हा, मुख्यमंत्री के सचिव राहुल भगत भी मौजूद थे।