प्रापर्टी डीलर से सवा करोड़ से ज्यादा की ठगी , रकम दोगुनी करने का दिया था झांसा, पुलिस की गिरफ्त में एक आरोपी


भिलाई। वैशाली नगर थाना क्षेत्र में प्रापर्टी डीलर से सवा करोड़ से ज्यादा की ठगी के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने अपने साथी के साथ मिलकर रकम दोगुनी करने का झांसा दिया था। झांसे में आकर प्रापर्टी डीलर ने निवेश किया लेकिन बाद में पता चला कि उससे ठगी हुई है। इसके बाद इस मामले में शिकायत के बाद पुलिस ने जांच शुरू की। पुलिस ने इस मामले में एक आरोपी को प्रगति नगर रिसाली से गिरफ्तार किया है। वहीं एक अन्य की तलाश है। आरोपियों के खिलाफ धारा 420, 120-वी, 467, 468, 471 के तहत कार्रवाई की गई है।

मिली जानकारी के अनुसार इस मामले में कोहका निवासी प्रकाश साहू ने एक लिखित आवेदन दिया। उसने बताया कि वह प्रापर्टी डीलर एवं प्राइवेट माइन्ड एवं मेमोरी ट्रेनिंग का काम करता है। उसने बताया कि उत्तम कुमार साहू से उसकी पुरानी जान पहचान थी। वर्ष 2019 में उसे फैडरर्स कैफे वैशाली नगर में उत्तम कुमार साहू, निखिल चंद्राकार, पवन साहनी, उमेश पटेल से प्रकाश साहू की मुलाकात हुई। इस दौरान इन लोगों ने बताया कि इंफीनाक्स केपिटल एक ट्रेडिंग कंपनी है, इसका संचालन उत्तम साहू, निखिल चंद्राकार, पवन साहनी, उमेश पटेल के द्वारा किया जाता है। इस कंपनी के द्वारा बहुत सारे करेंसी जैसे यूरो, डॉलर , (ग्रेट ब्रिटेन पाउंड), ( गोल्ड) पेयर मे ट्रेडिंग करते है जिसमें पैसे इन्वेस्ट करने पर हर महीने 10 से 20 पर्सेंट का लाभ मिलता है यदि आप इस कंपनी के योजना का लाभ लेना चाहते है तो इसमें अकाउंट खुलवाना पड़ेगा।
10 से 20 पर्सेंट प्रति माह लाभ का दिया भरोसा
चारों ने प्रकाश साहू को बताया कि यह कंपनी आर्टीफिशियल इंटेलिजेंस के माध्यम से ट्रेडिंग करती है जिससे 10 से 20 पर्सेंट का लाभ प्रति माह मिलता है। उत्तम कुमार साहू के द्वारा प्रार्थी के मोबाईल व्हाट्सऐप में एक लिंक भेजा तथा केवायसी करने कहा एवं कहा की खाते में राशि डॉलर में जमा करना होगा। इसके लिए प्रकाश साहू ने डॉलर नहीं होने की बात कही तो उत्तम कुमार साहू के साथ निखिल चंद्राकार, पवन साहनी, उमेश पटेल ने मिलकर कहा की आप पैसे हमारे खाते में जमा कर दो हम आपको जो जमा राशि होगी उसे डबल करके देंगे।
अलग अलग खातों में ट्रांसफर किए रुपए
इसके बाद प्रकाश साहू उत्तम कुमार साहू के विभिन्न बैंकों के खातों में अलग अलग तारीख में कुल 01 करोड़ 19 लख 29 हजार 43 रुपए एवं नगद 05 लाख रुपए, निखिल चंद्राकर को उसके बैंक के खातों में कुल 58 लाख 27 हजार रू. ट्रांसफर किए । विभिन्न व्यक्तियों के बैंक खातों में 40000, 2.40 लाख 30000, 1.50 लाख रुपए ट्रांसफर किए। पवन साहिनी के बैंक खाता एवं पीआई के माध्यम से 27 लाख 15 हाजार 443 रुपए ट्रांसफर किया। उमेश पटेल को 8 लाख रुपए नगद दिया। इस प्रकार कुल 2 करोड़ 50 लाख 67 हजार 659 रुपए उसके द्वारा ट्रांसफर व नगद मिलकर दिए गए, जिसमें से 1 करोड़ 22 लाख 47 हजार 693 रुपए अलग अलग किस्तों मे उसे वापस मिला। शेष रकम 1 करोड़ 30 लाख 74 हजार 986 रुपए की मांग करने पर रकम नहीं दी।