बच्ची के पैदा होते ही मां की मौत, तेज दर्द में रातभर तड़पती रही, स्वास्थ्य केंद्र में नहीं थे डाॅक्टर, जांच टीम गठित…

maut

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी के बिरगांव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की बड़ी लापरवाही सामने आई है। प्रसाव के बाद सहीं उपचार नहीं मिलने से महिला की अस्पताल में मौत हो गई। बताया जा रहा है कि 24 वर्षीय महिला ने बच्ची को जन्म दिया। बच्ची के जन्म के 8 घंटे बाद रात में महिला की तबीयत अचानक बिगड़ गई। इस दौरान सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में नियुक्त डाॅक्टर नहीं थे। महिला को सहीं समय पर उपचार नहीं मिल पाया और उसकी मौत हो गई। मामले में जांच कमेटी कठित की गई है। कमेटी में 4 डाॅक्टरों को शामिल किया गया है। तीन दिनों के अंदर कमेटी जांच कर इसकी रिपोर्ट मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को सौंपेगी।

दरअसल ये पूरी घटना बिरगांव नगर निगम क्षेत्र की है। रावणभाठा स्थित स्वास्थ्य केंद्र में 24 साल की साक्षी ने बच्ची को जन्म दिया था। बच्ची के जन्म के बाद परिजन काफी खुश थे। घर में पार्टी की तैयारी चल रही थी। सभी मां और बच्ची के अस्पताल से छुट्टी होने का इंतजार कर रहे थे। इसी बीच बच्ची के जन्म को 8 घंटे ही बीते थे कि रात में महिला की तबीयत अचानक खराब हो गई। पेट में तेज दर्द हुआ। रात में ड्यूटी में तैनात डाॅक्टर नहीं थे, तो वार्ड बाॅय ने खुद ही इंजेक्शन लगा दिया। डेढ़ घंटे बाद साक्षी बिल्कुल शांत हो गई।

उसके पति ने कई बार आवाज लगाई, लेकिन साक्षी ने आंख नहीं खोली, जिसके बाद वार्ड बाॅय ने मेकाहारा ले जाने की सलाह दी। परिजन मेकाहारा लेकर पहुंचे। जहां उपचार के दौरान महिला के मौत की पुष्टि डाॅक्टरों ने की। डाॅक्टरों ने कहा कि महिला की मौत अस्पताल लाने से पहले ही हो चुकी थी। परिजनों ने ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर पर लापरवाही का आरोप लगाया है। साथ ही मामले में दोषियों के खिलाफ जाँच कर कार्रवाई करने की मांग की है।