छत्तीसगढ़ के राशनकार्डधारकों के लिए बड़ी राहत, 20 जुलाई तक मिलेगा 3 महीने का एकमुश्त चावल, लेकिन ये समस्या..
रायपुर। छत्तीसगढ़ में राशनकार्ड धारकों को 20 जुलाई तक तीन महीने का राशन एकमुश्त मिलेगा। खाद्य विभाग ने केंद्र को पत्र भेजा है। मगर ओटीपी न आना, सर्वर डाउन और फिंगरप्रिंट मिलान जैसी समस्याओं से वितरण प्रभावित हो रहा है। दुकानों पर भीड़, अव्यवस्था और पुलिस की तैनाती देखने को मिल रही है।
छत्तीसगढ़ के राशनकार्ड धारकों के लिए एक बड़ी खुशखबरी सामने आई है। खाद्य विभाग ने केंद्र सरकार से आग्रह किया है कि 20 जुलाई तक प्रदेश में एक मुश्त तीन महीने का राशन वितरण करने की अनुमति दी जाए।
विभाग द्वारा भेजे गए पत्र में बताया गया है कि लगभग 3.41 करोड़ बायोमेट्रिक ट्रांजैक्शन किए जाने हैं, लेकिन मशीन रिप्लेसमेंट और तकनीकी कारणों से इसमें देरी हो रही है। उम्मीद जताई जा रही है कि केंद्र सरकार जल्द ही अनुमति दे देगी, जिससे 20 जुलाई तक सभी लाभार्थियों को चावल का कोटा मिल सकेगा।
राशन वितरण की व्यवस्था बनी चुनौती
तीन महीने का राशन एक साथ देने के फैसले से उपभोक्ताओं को लाभ तो मिल रहा है, लेकिन व्यवस्था में कई खामियां भी उजागर हो रही हैं। राज्यभर की राशन दुकानों में हर दिन लंबी कतारें लग रही हैं। ओटीपी न आना, फिंगरप्रिंट न मिलना और सर्वर डाउन रहना ऐसी समस्याएं हैं जिनकी वजह से उपभोक्ताओं को घंटों तक इंतजार करना पड़ रहा है। कई बार तो दिनभर में केवल 20 से 25 लोगों को ही राशन मिल पा रहा है।
राशन दुकानों पर भीड़ और अव्यवस्था
जैसे ही राशन दुकानों के गेट खुलते हैं, लोगों की भीड़ उमड़ पड़ती है। कई दुकानदार भी इस भीड़ को संभाल नहीं पा रहे हैं और कई जगहों पर दरवाजे तक नहीं खोले जा रहे। इन हालातों में महिलाएं, बुजुर्ग और बच्चे सबसे ज्यादा प्रभावित हो रहे हैं। धक्का-मुक्की, झगड़े और अफरा-तफरी की स्थिति के चलते कई जिलों में पुलिस बल को तैनात करना पड़ रहा है।