9 आईपीएस अधिकारियों के तबादले, नवा रायपुर से लेकर नारायणपुर तक मिली अफसरों को नई जिम्मेदारी
रायपुर। छत्तीसगढ़ में सुरक्षा और प्रशासनिक व्यवस्था को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से राज्य सरकार ने 9 आईपीएस अधिकारियों के तबादले किए हैं। गृह विभाग द्वारा रविवार को जारी आदेश के अनुसार, इन अधिकारियों को नवा रायपुर से लेकर नारायणपुर, बीजापुर और दुर्ग जैसे महत्वपूर्ण जिलों और सुरक्षा इकाइयों में नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
नवा रायपुर में दो अफसरों की तैनाती
प्रभात कुमार और विकास कुमार को विशेष आसूचना शाखा, पुलिस मुख्यालय नवा रायपुर में पुलिस अधीक्षक नियुक्त किया गया है। इससे राज्य की इंटेलिजेंस विंग को और मजबूत किया जाना तय माना जा रहा है।
बीजापुर, नारायणपुर और दुर्ग में बदले गए सेनानी व एसपी
मयंक गुर्जर को 15वीं वाहिनी, छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल बीजापुर का सेनानी बनाया गया है। वहीं, संदीप कुमार पटेल को 16वीं वाहिनी, नारायणपुर में नई जिम्मेदारी सौंपी गई है।
राजनला स्मृतिक को एसटीएफ बघेरा (दुर्ग) का पुलिस अधीक्षक बनाया गया है, जो राज्य में नक्सल विरोधी अभियान में रणनीतिक भूमिका निभा सकता है।
जिला नारायणपुर और मोहला-मानपुर-चौकी को मिले नए अफसर
रॉबिन्सन गुरिया को नारायणपुर का पुलिस अधीक्षक नियुक्त किया गया है, वहीं चिराग जैन को अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मोहला-मानपुर-चौकी बनाया गया है। यह क्षेत्र नक्सल प्रभावित माना जाता है, ऐसे में उनकी भूमिका महत्वपूर्ण रहेगी।
बिलासपुर और बालोद में महिला और अनुभवी अधिकारियों की तैनाती
पूजा कुमार को पुलिस अधीक्षक (रेडियो) बिलासपुर बनाया गया है। जबकि उमेश प्रसाद गुप्ता को सेनानी, 14वीं वाहिनी, छस बल धनोरा (बालोद) की जिम्मेदारी दी गई है।