Google Analytics —— Meta Pixel

10वीं-12वीं पुनर्मूल्यांकन के नतीजे जारी, रिजल्ट नहीं बदले तो ऐसे भरें द्वितीय परीक्षा फॉर्म

ppppp

रायपुर। छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल ने कक्षा 10वीं और 12वीं के छात्रों के लिए पुनर्मूल्यांकन और पुनर्गणना के परिणाम जारी कर दिए हैं। वे छात्र जिन्होंने अपने मूल परीक्षा परिणाम से असंतुष्ट होकर रीवैल्यूएशन या रीटोटलिंग के लिए आवेदन किया था, अब बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर अपना संशोधित परिणाम देख सकते हैं।

रिजल्ट जारी होने के साथ ही छात्रों को एक और अवसर दिया गया है। जिन छात्रों के नंबरों में बदलाव नहीं हुआ है या फिर जो अब भी अपने प्रदर्शन से संतुष्ट नहीं हैं, वे द्वितीय बोर्ड परीक्षा में शामिल हो सकते हैं।

द्वितीय बोर्ड परीक्षा के लिए 30 जून तक भरें फॉर्म

सीजीबीएसई ने यह भी स्पष्ट किया है कि द्वितीय बोर्ड परीक्षा के लिए फॉर्म भरने की अंतिम तिथि 30 जून 2025 है। छात्र सामान्य परीक्षा शुल्क के साथ इस परीक्षा के लिए आवेदन कर सकते हैं। यह परीक्षा छात्रों को अपने प्रदर्शन में सुधार करने का एक और मौका देती है, जिससे वे बेहतर अंक प्राप्त कर भविष्य की दिशा तय कर सकें।

8 जुलाई से शुरू होंगी परीक्षाएं

द्वितीय बोर्ड परीक्षा का आयोजन 8 जुलाई से किया जाएगा। 12वीं की परीक्षा 8 जुलाई से 22 जुलाई तक और 10वीं की परीक्षा 9 जुलाई से 21 जुलाई तक संचालित की जाएगी। परीक्षा का विस्तृत टाइम टेबल बोर्ड की वेबसाइट पर उपलब्ध कराया जाएगा।

बड़ी संख्या में छात्रों ने कराया था रीवैल्यूएशन

गौरतलब है कि छत्तीसगढ़ बोर्ड की नियमित परीक्षा मार्च-अप्रैल 2025 में हुई थी, जिसमें कक्षा 10वीं का पास प्रतिशत 76.53प्रतिशत और कक्षा 12वीं का 81.87 प्रतिशत रहा था। परिणाम से असंतुष्ट कई छात्रों ने पुनर्मूल्यांकन और पुनर्गणना के लिए आवेदन किया था। परिणाम जारी होने के बाद कई छात्रों के नंबरों में सुधार देखा गया है, जिससे उनका समग्र परिणाम भी बेहतर हुआ है।

छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल की द्वितीय मुख्य परीक्षा में शामिल छात्रों के अंक नहीं बढऩे पर पहली वाली मार्कशीट ही मान्य होगी। छात्र किसी भी एक या सभी विषयों की परीक्षा दोबारा दे सकते हैं। कई छात्र पास होने के बावजूद अंक सुधार के लिए फिर से परीक्षा में बैठेंगे।